- अखिलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर भगवान राम का एआई वीडियो शेयर किया
- वीडियो में रूठे रामलला मंदिर से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं और अयोध्या की जनता उनको रोकने की कोशिश कर रही है
- वीडियो में मंदिर के खजाना लूटते कुछ लोग और न्याय की मांग करते हुए सड़क पर उतरी आम जनता भी दिखाई दे रही है
अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव लगातार हमलावर हैं. अब उन्होंने तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर भगलाव का राम का एआई से बना एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें रूठे रामलला मंदिर से जाते हुए दिखाई दे रहे हैं. इस वीडियो के कैप्शन में अखिलेश ने लिखा है- 'क्या आप फिर से जंगल में वनवास पर चले गए? वीडियो में भव्य राम मंदिर से भगवान राम जाते हुए दिख रहे हैं. वहीं अयोध्या की दुखी जनता अपने रामलला से वापस न जाने की अपील करती नजर आ रही है.
अखिलेश ने शेयर किया रूठे भगवान राम का वीडियो
वीडियो में दुखी जनता भगवान से वापस न जाने की गुहार लगाते दिख रही है. लेकिन राम किसी की भी सुने बिना वहां से चले जाते हैं. जिसके बाद अयोध्या की दीवाली और दीप सब सूने हो जाते हैं. जनता रो-बिलख रही है. इस वीडियो में कुछ लोग मंदिर का खजाना गिनते दिखाई दे रहे हैं. वहीं आम जनता न्याय की गुहार लिए सड़क पर उतरी है. हर कोई दरवाजे पर बैठ भगवान राम की वापसी का इंतजार कर रहा है. वहीं कुछ बहरूपिए मंदिर के भीतर जाते दिख रहे हैं. वहीं लोग अयोध्या को एक बार फिर से सजाकर रामलला से वापस आने की प्रार्थना करते दिख रहे हैं.
क्या फिर से चले गये वनवास? pic.twitter.com/qb6ac3q1xY
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) July 3, 2026
चढ़ावा चोरों पर अखिलेश यादव का तंज
अखिलेश यादव का ये वीडियो राम मंदिर चढ़ावा चोरों पर एक तंज है. इस वीडियो के जरिए अखिलेश ने चढ़ावा चोरी मामले पर एक बार फिर से करारा तंज कसा और दिखाया कि कैसे इस सब से नाराज भगवान राम फिर से अयोध्या छोड़कर चले गए.बता दें कि इससे पहले अखिलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में टिप्पणी करते हुए कहा था कि अब बीजेपी को न तो दान मिलेगा न ही वोट. अखिलेश के इस बयान का समर्थन करते हुए कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने कहा कि जिस तरह से आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया है, ऐसे में कोई भी यही कहेगा. लोगों की भगवान राम में आस्था है, चोरों के लिए चढ़ावा कौन देगा? उन्होंने कहा कि चोरों के लिए किसी को दान देने की जरूरत नहीं है.
ये भी पढ़ें-राम मंदिर चढ़ावा केस: SIT ने अब तक बरामद किए सोना-चांदी-डॉलर और लाखों के कैश, अनुकल्प मिश्रा पर बड़ा खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं