विज्ञापन

17 साल का रिश्ता छोड़ फेसबुक प्रेमी संग चली गई दो बच्चों की मां, पति ने खुद मंदिर ले जाकर कराई शादी!

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में एक पति ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करवाई है. जिसके बाद दोनों के 17 साल पुराने रिश्ते का अंत हो गया. महिला अब पति और दो बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ रहेगी.

17 साल का रिश्ता छोड़ फेसबुक प्रेमी संग चली गई दो बच्चों की मां, पति ने खुद मंदिर ले जाकर कराई शादी!
पति ने प्रेमी से करवाई पत्नी की शादी (फोटो सोर्स:NDTV)
  • यूपी के सीतापुर में एक पति ने अपनी पत्नी की शादी खुद उसके प्रेमी से करवाई है.
  • पत्नी का सोशल मीडिया पर राहुल नाम के शख्स के साथ अफेयर शुरू हो गया था.
  • पत्नी राहुल के साथ रहना चाहती थी, ऐसे में पति ने खुद उसकी शादी करवा दी.
सीतापुर:

बदलते दौर में शादी और प्यार की कहानियां भी बदलती जा रही हैं. जहां पति-पत्नी के बीच रिश्ते अब किसी भी उम्र में बिखर रहे हैं. सोचिए 17 साल तक एक पति-पत्नी साथ रहे, दोनों के 2 बच्चे भी हो गए. लेकिन 17 साल बाद पत्नी को किसी दूसरे से प्यार हो गया. जब इस बात की जानकारी पति को लगी तो उसने कोई झगड़ा नहीं किया. बल्कि अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी के साथ करवाई और उसे घर से विदा कर दिया. उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले का यह मामला फिलहाल चर्चा में बना हुआ है.  पति ने अपनी 17 साल पुरानी शादी का अंत किसी नफरत से नहीं, बल्कि अपनी पत्नी की मांग में उसके प्रेमी के नाम का सिंदूर सजवाकर किया है. 

यूपी के सीतापुर जिले का मामला

सीतापुर जिले की मिश्रिख तहसील में रहने वाले विपिन भार्गव की शादी 12 मार्च 2009 रेखा नाम की महिला से धूमधाम से हुई थी. वक्त बीता और दोनों की हंसती-खेती जिंदगी में दो बच्चे भी आए. एक की उम्र 14 और दूसरी की 16 है. दोनों के बीच सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन तभी इस हंसते-खेलते परिवार में एंट्री हुई सोशल मीडिया की. कुछ समय पहले रेखा की मुलाकात फेसबुक पर अंबेडकर नगर के रहने वाले राहुल नाम के एक युवक से हुई, शुरुआत में यह बातचीत सामान्य थी, लेकिन धीरे-धीरे कमेंट्स और लाइक्स का यह सिलसिला गहरी दोस्ती और फिर बेपनाह प्यार में बदल गया. दोनों एक-दूसरे के इस कदर आदी हो गए कि रेखा ने अपने 17 साल पुराने बसे-बसाए घर और बच्चों को छोड़ने का मन बना लिया. 

ये वीडियो भी देखिए

अचानक घर से गायब हुई रेखा 

रेखा अचानक से विपिन और बच्चों को छोड़कर घर से गायब हो गई. विपिन ने उसे हर जगह खोजा, रिश्तेदारों के चक्कर काटे और थक-हारकर थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी. करीब 22 दिनों के बाद जब रेखा वापस लौटी तो विपिन के होश उड़ गए. क्योंकि उसने घर आते ही साफ कह दिया अब मैं विपिन के साथ नहीं, बल्कि अपने फेसबुक प्रेमी राहुल के साथ रहना चाहती हूं. आमतौर पर ऐसे मामलों में बड़ा विवाद होता है. लेकिन विपिन ने जो किया वह सबको हैरान कर गया. क्योंकि विपिन ने अपनी पत्नी से कोई झगड़ा नहीं किया न ही उस पर कोई दबाव बनाया. उसने ठंडे दिमाग से फैसला लिया और दोनों को शादी की इजाजत दे दी.

विपिन ने करवाई रेखा और राहुल की शादी 

विपिन खुद अपनी पत्नी को लेकर मिश्रिख तहसील परिसर पहुंचा, जहां दोनों पक्षों की मौजूदगी में कानूनी कागजी कार्रवाई पूरी की गई, ताकि भविष्य में कोई कानूनी अड़चन न आए. इसके बाद पास के ही एक प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में शादी की रस्में शुरू हुईं. राहुल और रेखा एक दूसरे के साथ शादी के बंधन में बंधे, जिसका गवाह खुद विपिन बना. विपिन का कहना है कि मैंने उसकी खुशी के लिए उसे जाने दिया, अब मेरा उससे कोई रिश्ता नहीं है. अब मेरी जिंदगी सिर्फ मेरे दोनों बच्चों के लिए है. उनके सहारे ही मेरी जिंदगी आगे बढ़ेगी. विपिन के इस काम की वजह से यह मामला चर्चा में बना हुआ है. 

ये भी पढ़ेंः छत्तीसगढ़ के गांव की लड़की ने नीदरलैंड के लड़के की लव मैर‍िज, जान‍िए कैसे शुरू हुई प्रेम कहानी? 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sitapur News, Sitapur News Today, Husband Wife Love Story, Marriage News, Love Story
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com