December Marriage Shubh Muhurat: दिसंबर 2026 में शादी की तैयारी कर रहे परिवारों के लिए समय बेहद अहम है. 16 दिसंबर से खरमास शुरू होने जा रहा है, जिसके बाद पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार विवाह, सगाई और अन्य मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाता है. ऐसे में अगर आप इस साल शादी का शुभ मुहूर्त तलाश रहे हैं, तो दिसंबर के शुभ मुहूर्त के बारे में जान लेना बहुत ज्यादा जरूरी है. इसी कड़ी में आज हम आपको दिसंबर के शादी-ब्याह के शुभ मुहूर्त बताने जा रहे हैं. साथ ही ये भी जानेंहे खरमास शुरू होने से पहले किन दिनों में शादी करना शुभ माना जा रहा है.
तुलसी विवाह से हुई सीजन की शुरुआत
बीवी एस्ट्रो में चीफ एस्ट्रोलॉजर ज्योतिषाचार्य पूनम दत्ता ने बताया कि 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी मनाई गई. इसी दिन से विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों पर लगी पारंपरिक रोक समाप्त मानी जाती है. साथ ही अगले दिन यानी 21 नवंबर 2026 को कार्तिक शुक्ल द्वादशी के अवसर पर तुलसी विवाह संपन्न हुआ. इसी के साथ शादियों के सीजन की शुरुआत हो गई.
दिसंबर 2026 में विवाह के शुभ मुहूर्त
- 2 दिसंबर 2026
- 3 दिसंबर 2026
- 4 दिसंबर 2026
- 5 दिसंबर 2026
- 6 दिसंबर 2026
- 11 दिसंबर 2026
- 12 दिसंबर 2026
ज्योतिषातार्य ने बताया कि इनमें 12 दिसंबर 2026 विवाह के लिए अंतिम प्रमुख शुभ मुहूर्त माना जा रहा है. इसके बाद 14 दिसंबर को विवाह पंचमी का पर्व आएगा, जो विवाह से जुड़ा एक महत्वपूर्ण धार्मिक अवसर है.

कब शुरू होगा खरमास?
16 दिसंबर 2026 को सूर्य धनु राशि में प्रवेश करेंगे और इसके साथ ही धनु खरमास की शुरुआत हो जाएगी. मान्यताओं के अनुसार खरमास लगने के बाद विवाह, सगाई और अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाते. ऐसे में मकर संक्रांति तक, यानी जनवरी 2027 के मध्य तक विवाह के लिए कोई प्रमुख शुभ मुहूर्त उपलब्ध नहीं रहेगा.
खरमास में विवाह क्यों नहीं किए जाते?
इस परंपरा के पीछे धार्मिक और ज्योतिषीय दोनों कारण बताए जाते हैं. धनु राशि के स्वामी बृहस्पति हैं और ज्योतिष में गुरु को विवाह का कारक ग्रह माना जाता है. जब सूर्य धनु राशि में प्रवेश करते हैं तो इस समय को आध्यात्मिक चिंतन, पूजा-पाठ और घरेलू कार्यों के लिए उपयुक्त माना जाता है. मान्यता है कि ये अवधि नई शुरुआत और बड़े समारोहों के लिए अनुकूल नहीं होती. हालांकि अलग-अलग जगहों और समुदायों में इन परंपराओं का पालन अलग-अलग तरीके से किया जाता है.
यह भी पढ़ें: क्या सुबह बिना नहाए लड्डू गोपाल को जगा सकते हैं? कथावाचक डॉक्टर शिवम साधक ने बताया
इस बार विवाह सीजन क्यों है खास?
पिछले साल शीतकालीन विवाह सीजन लगभग 45 दिनों तक चला था, लेकिन इस साल ये अवधि काफी छोटी है. 21 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक का यह विवाह सीजन लगभग 25 दिनों का ही है.
केवल वेन्यू देखकर न चुनें मुहूर्त
ज्योतिषाचार्य पुनम ने बताया कि अक्सर ऐसा होता है कि शुभ तिथियां सीमित होने के कारण परिवार उस दिन को चुन लेते हैं, जिस दिन विवाह स्थल या बैंक्वेट हॉल उपलब्ध हो. लेकिन ज्योतिषीय दृष्टि से ये सही तरीका नहीं माना जाता है. पहले पंचांग के आधार पर तिथि, वार, नक्षत्र, योग और करण की शुद्धता देखी जाती है। इसके बाद उस तिथि के अनुसार विवाह स्थल तय किया जाता है.
विवाह के लिए कौन-से नक्षत्र शुभ माने जाते हैं?
- रोहिणी
- मृगशिरा
- मघा
- उत्तरा फाल्गुनी
- हस्त
- स्वाति
- अनुराधा
- मूल
- उत्तराषाढ़ा
- उत्तराभाद्रपद
- रेवती
फेरों का समय भी है महत्वपूर्ण
शादी-ब्याह के लिए केवल शुभ तिथि होना ही पर्याप्त नहीं माना जाता. विवाह के दौरान फेरों का लग्न भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है. इसी वजह से एक ही तारीख किसी एक परिवार के लिए शुभ हो सकती है, जबकि दूसरे परिवार के लिए उतनी अनुकूल न हो. इसलिए विवाह मुहूर्त तय करते समय लग्न और अन्य ग्रह स्थितियों का भी विचार किया जाता है.
खरमास के दौरान क्या करें?
अगर किसी परिवार को 12 दिसंबर से पहले उपयुक्त तिथि नहीं मिलती है, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है. 16 दिसंबर 2026 से 14 जनवरी 2027 तक आप शादी की तैयारियां कर सकते हैं. इस दौरान आप शादी का वेन्यू बुक कर सकते हैं, ज्वेलरी की खरीदारी कर सकते हैं या बाकी प्लानिंग कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: विदुर नीति की ये 4 आदतें बना देंगी आपको सबका चहेता, हर कोई करेगा आपकी कद्र
यह भी पढ़ें: December Vrat Tyohar 2026: उत्पन्ना एकादशी से लेकर मार्गशीर्ष पूर्णिमा तक, जानें दिसंबर के व्रत और त्योहार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं