योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के मुखिया ओमप्रकाश राजभर के सपा में टूट के बयान पर पर सपा नेता शिवपाल यादव का पलटवार सामने आया है. शिवपाल ने भाजपा के लोगों पर झूठ बोलने और षड्यंत्र करने का आरोप लगाया है. साथ ही दावा किया है कि समाजवादी पार्टी का कोई भी सांसद टूटेगा नहीं.
शिवपाल ने कहा, ''ये लोग अपनी टीआरपी बढ़ाने के लिए और चुनाव के समय सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए ये बोलते हैं. मुझे तो लगता है इन्हें ट्वीट करने का भी पैसा मिलता है इसलिए इस तरह की बातें करते हैं, झूठ बोलते हैं.'' कहा, अखिलेश यादव के नेतृत्व में 2027 में उत्तर प्रदेश में सरकार बनेगी...ओम प्रकाश राजभर को पूरे उत्तर प्रदेश में कोई सीरियस नहीं लेता है."
#WATCH लखनऊ, उत्तर प्रदेश: सपा नेता शिवपाल यादव ने ओम प्रकाश राजभर के समाजवादी पार्टी में टूट के बयान पर कहा, "भाजपा के लोग झूठ बोलते हैं। बीच-बीच में षड्यंत्र भी करते रहते हैं। समाजवादी पार्टी का कोई भी सांसद टूटेगा नहीं। ये लोग अपनी TRP बढ़ाने के लिए और चुनाव के समय सीटों की… pic.twitter.com/5g7zvaMSku
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 18, 2026
'...तो राजनीति से ही ले लूंगा संन्यास'
समाजवादी पार्टी के बलिया से सांसद सनातन पांडेय ने योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुसभपा) के मुखिया ओमप्रकाश राजभर के बयान पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि अगर वो सपा से बागी हो गए तो राजनीति से ही संन्यास ले लेंगे.
क्या कहा था ओपी राजभर ने?
बता दें कि योगी सरकार के मंत्री ओपी राजभर ने सपा में टूट को लेकर बड़ा दावा किया है. बुधवार को राजभर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया समाजवादी पार्टी में जल्द ही बड़ी टूट होगी. गुरुवार की सुबह भी उन्होंने एक पोस्ट किया जिसमें लिखा, ''कल से सब पूछ रहे हो कि सपा में क्या टूट होने वाली है? तो सुनो! सपा के बागी सांसदों के गुट का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की 'बागी भूमि' का एक लाल करेगा. और करे भी क्यों न? ''
सपा पर लगाए गंभीर आरोप
राजभर ने आगे लिखा, ''कल जिस तरह से सपा कार्यालय में सम्मेलन के नाम पर ब्राह्मणों को तिरस्कृत किया गया, उससे 'बागी बलिया' का लाल बहुत आहत है. योजना पहले से थी लेकिन कल कि घटना ने आग में घी डालने का काम कर दिया है. टूट होकर रहेगी. मेरी एक प्रतिक्रिया पर जिस तरह से पूरा सैफई खानदान मुझे गाली देने और सफाई देने में जुट गया, उससे ज्यादा बेहतर है कि अखिलेश बाबू ट्विटर, ऐसी और पीसी वाली नेतागिरी छोड़कर अब सांसद बचाओ अभियान शुरू कर दें. और दुखी एवं निराश सांसदों के घर जाकर उनसे माफी मांगे.''
ये भी पढ़ें- 'बलिया का लाल होगा सपा के बागी सांसदों का नेता', राजभर का इशारा किसकी तरफ? फिर बोले- अखिलेश की पार्टी टूटेगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं