- शायान मसूद ने कांग्रेस छोड़ SP की सदस्यता ग्रहण कर यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में शामिल हो गए हैं.
- शायान मसूद ने कहा कि वे अपने ससुर इमरान मसूद की विचारधारा से सहमत नहीं हैं और राजनीति विचारधारा का काम है.
- उन्होंने इमरान मसूद पर व्यक्तिगत लाभ के लिए समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला करने का आरोप लगाया है.
Shayan Masood joins SP: उत्तर प्रदेश में कुछ महीनों बाद विधानसभा का चुनाव होना है. इसके लिए सभी राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी है. नेताओं का एक पार्टी छोड़कर दूसरे में शामिल होने का सिलसिला भी शुरू हो चुका है. इस बीच गुरुवार को एक बड़ी खबर कांग्रेस खेमे से सामने आई, जहां कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद ने समाजवादी पार्टी ज्वाईन किया. यूपी के सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद कांग्रेस में थे. लेकिन गुरुवार को वो कांग्रेस का साथ छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं. समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद शायान मसूद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के समर्थन में गाना भी लगाया.
सपा में शामिल होने के बाद अखिलेश से मिले शायान
इसके साथ ही समाजवादी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडलर पर जानकारी देते हुए बताया कि आज लखनऊ में सहारनपुर के शादान मसूद, शायान मसूद एवं उनके साथियों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से शिष्टाचार मुलाकात की.

सपा में शामिल होने के बाद अखिलेश यादव के साथ इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद.
मैं इमरान मसूद साहब की विचारधारा से इत्तिफाक नहीं करताः शायान
कांग्रेस छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद शायान मसूद ने मीडिया से बात करते हुए अपने ससुर इमरान मसूद पर भी हमला बोला. शायान मसूद ने कहा, "देखिए साहब, मेरा अपना व्यक्तिगत मानना यही है कि राजनीति केवल और केवल विचारधाराओं का काम है. मैं इमरान मसूद साहब की विचारधारा से इत्तिफाक नहीं करता.
नोएडा, उत्तर प्रदेश: कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के दामाद और सपा नेता शायान मसूद ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर कहा, "देखिए साहब, मेरा अपना व्यक्तिगत मानना यही है कि राजनीति केवल और केवल विचारधाराओं का काम है। मैं इमरान मसूद साहब की विचारधारा से इत्तिफाक नहीं करता। इमरान… pic.twitter.com/PPT8RRItsS
— IANS Hindi (@IANSKhabar) August 20, 2026
इमरान मसूद पर्सनल गेन के लिए अखिलेश पर अटैक कर रहे हैंः शायान
उन्होंने आगे कहा कि इमरान मसूद साहब ने सिंगल प्वाइंट एजेंडा बना लिया है कि सिर्फ और सिर्फ अखिलेश जी को अटैक करना है. आप हराना बीजेपी को चाहते हैं, आप लड़ाई समाजवादी पार्टी से लड़ रहे हैं. अपने पर्सनल गेन के लिए आप उसको अटैक कर रहे हैं, जो फिरकापरस्त ताकतों को रोक सकता है. इसलिए अखिलेश जी का आज दामन थाम रहे हैं. हम अखिलेश जी को मजबूत करना चाहते हैं. हमारा सीधा-सीधा एजेंडा है कि भारतीय जनता पार्टी हारे, फिरकापरस्त ताकतें हारें."
सपा अच्छा कर रही है, चुनाव बाद यूपी में बदलाव आएगाः शायान
शायान मसूद ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरे प्रदेश के अंदर अच्छा प्रदर्शन कर रही है. आप देख रहे हैं कि पीडीए की स्वीकार्यता बहुत तेजी से बढ़ती जा रही है. लोगों के अंदर इस बात को लेकर उत्साह है कि इस बार उत्तर प्रदेश के अंदर बदलाव आए. हम लोग भी पार्टी के साथ और पार्टी की विचारधारा के साथ जुड़कर पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे.
यह भी पढ़ें - यूपी चुनाव से पहले इमरान मसूद यूं ही नहीं दिखा रहे अखिलेश की सपा को तेवर, 143 सीटों का क्या फैक्टर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं