मुजफ्फरनगर में समाजवादी पार्टी के दो नेताओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला सड़क पर मारपीट तक पहुंच गया. देर रात हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच पिछले दो दिनों से सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर तनातनी चल रही थी. इसी विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया.
घटना खालापार थाना क्षेत्र के मीनाक्षी चौक की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार सपा छात्रसभा अध्यक्ष नदीम मलिक अपनी नई कार लेकर वहां पहुंचे थे. इसी दौरान उनकी मुलाकात सपा नेता डॉ. इसरार अल्वी से हुई. दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर माहौल गरमा गया. देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए.
सड़क पर चले लात-घूंसे और बेल्ट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई. सड़क पर लात-घूंसे चले और बेल्ट से भी हमला किया गया. इस दौरान वहां मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई लेकिन कुछ देर तक हंगामा जारी रहा. घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से शेयर किया जा रहा है. घटना के दौरान नदीम मलिक की कार को नुकसान पहुंचाने का आरोप भी सामने आया है. इस घटना ने क्षेत्र में राजनीतिक हलकों में भी चर्चा बढ़ा दी है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
मारपीट में नदीम मलिक को मामूली चोटें आई हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है. एएसपी सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो कारण सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें-
बिहार: अरवल के नवोदय विद्यालय में बच्चों में झड़प, कई घायल, स्कूल दो दिनों के लिए बंद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं