विज्ञापन

गोंडा में 7 साल के बच्चे ने सो रहे पिता पर गड़ासे से 10 बार किया हमला, बोला- नहीं जाने दे रहे थे जम्मू

पिता को सोता देख बच्चा घर के अंदर गया और भारी गड़ासा उठाकर ले आया. उसने सो रहे पिता के सिर और चेहरे पर लगातार 10 वार कर दिए.

गोंडा में 7 साल के बच्चे ने सो रहे पिता पर गड़ासे से 10 बार किया हमला, बोला- नहीं जाने दे रहे थे जम्मू
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां महज 7 साल के एक बच्चे ने जम्मू जाने से मना करने पर सो रहे अपने दिव्यांग पिता पर गड़ासे से ताबड़तोड़ 10 वार कर दिए. गंभीर रूप से घायल पिता को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.

पुलिस ने बच्चे को हिरासत में ले लिया है. पूछताछ के दौरान बच्चे के बेखौफ और सनसनीखेज बयान ने सभी को हैरान कर दिया है.

जानकारी के अनुसार, पीड़ित किशन के दो बेटे हैं. मां के छोड़कर चले जाने के कारण जन्म के समय ही बड़ा बेटा (12 साल) जम्मू में अपने चाचा-चाची के साथ रहता है, जबकि छोटा बेटा (7 वर्ष) पिता के साथ गांव में ही रहता है.

हाल ही में बच्चे के चाचा-चाची और बड़ा भाई गांव आए हुए थे. रविवार को वे वापस जम्मू लौटने वाले थे. छोटा बेटा भी उनके साथ जम्मू जाने की ज़िद करने लगा. चाची के कहने पर बच्चा परमिशन लेने अपने पिता के पास पहुंचा. बच्चे ने पिता से जम्मू जाने की बात कही. दिव्यांग पिता ने मना किया और गुस्से में आकर कहा कि अगर दोबारा जाने की बात की तो गड़ासे से काट दूंगा. इसके बाद पिता घर के बाहर पेड़ के नीचे चारपाई पर सो गए.

Latest and Breaking News on NDTV

पिता को सोता देख बच्चा घर के अंदर गया और भारी गड़ासा उठाकर ले आया. उसने सो रहे पिता के सिर और चेहरे पर लगातार 10 वार कर दिए. पिता की चीखें सुनकर घर के अंदर मौजूद परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े. खून से लथपथ किशन को तड़पता देख तुरंत एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बच्चे को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने बिना किसी डर के पूरा घटनाक्रम बयां किया. बच्चे ने कहा कि मुझे जम्मू नहीं जाने दे रहे थे. मैंने चाची से पूछा तो उन्होंने कहा कि तुम्हारे पापा गुस्सा करेंगे. जब मैंने पापा से पूछा, तो उन्होंने धमकी दी कि गए तो गड़ासे से काट दूंगा. इसलिए मैं अंदर गया, गड़ासा लाया और उनको काट डाला.

पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और बच्चे के बाल मनोविज्ञान को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Crime, UP Crime News, UP News, UP News In Hindi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com