विज्ञापन

'बीजेपी रास्ता बंद करेगी तो सपा के बारे में सोचेंगे', यूपी चुनाव से पहले पाला बदलेंगे संजय निषाद?

निषाद पार्टी के अध्यक्ष और यूपी सरकार में मंत्री संजय निषाद ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने इशारों-इशारों में सहयोगी बीजेपी से सीटों की मांग कर दी है. इससे पहले वह कल नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय से मिले थे.

संजय निषाद का बड़ा बयान
  • योगी सरकार में मंत्री और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने बड़ा बयान दिया है.
  • उनका कहना है कि 'बीजेपी अगर रास्ता बंद करेगी तो वह समाजवादी पार्टी के बारे में सोचेंगे'
  • सोमवार को संजय निषाद ने सपा नेता और यूपी के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय से मुलाकात की थी.

उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीति गर्माती जा रही है. यूपी के मंत्री और बीजेपी के सहयोगी डॉ संजय निषाद ने कल सपा नेता और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय मुलाकात की थी. इसके बाद उन्होंने मंगलवार को इस मामले में बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा 'जब समाजवादी पार्टी ने उनके लिए दरवाजा बंद किया था तब वो बीजेपी के साथ चले गए. अब अगर बीजेपी उनके लिए रास्ता बने करेगी तो वो समाजवादी पार्टी के बारे में सोचेंगे.' इसके अलावा उन्होंने बीजेपी से सीटों की डिमांड भी कर दी है. उनका कहना है कि हारी हुई सीटों की मांग उन्होंने भाजपा से की है. 

संजय निषाद का गठबंधन पर बड़ा बयान 

संजय निषाद ने कहा 'रास्ता बंद होने का पैमाना ये होगा कि बीजेपी उन्हें सीटें ना दे या गठबंधन तोड़ ले, लेकिन अभी ऐसा कुछ हुआ नहीं है. उन्होंने बताया कि कल उनकी मुलाकात महामंत्री संगठन धर्मपाल जी से भी हुई है.'2027 के विधानसभा चुनावों के लिए सीट-शेयरिंग को लेकर उन्होंने कहा 'हर किसी का अपना काम होता है, हम उन सीटों के बारे में बात करते हैं जो हम हार गए थे. हम सहयोगी हैं और हम जीत चाहते हैं. त्रेता युग में निषाद राज ने भगवान राम को जीत दिलाने में मदद की थी और भगवान राम ने उन्हें गले लगाया था और उन पर भरोसा किया था. आज मोदी जी और योगी जी ने हम पर भरोसा किया है और हमें गले लगाया है. इसलिए स्वाभाविक रूप से हम जीत और उन सीटों के बारे में बात करते हैं जो हमें जीतने में मदद कर सकती हैं. सभी सहयोगी दलों को वे सीटें दी जानी चाहिए जो हार गए थे. हम तभी सहयोगी हैं जब हम हारी हुई सीटें जीतें.'

माता प्रसाद पांडेय से मिले थे संजय निषाद 

दरअसल, कल संजय निषाद ने सपा नेता और यूपी विधानसभा के अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय से मुलाकात की थी. जिसके बाद यूपी की राजनीति में हलचल शुरू हो गई थी. हालांकि उन्होंने इस मुलाकात को सामान्य शिष्टाचार मुलाकात बताया था. लेकिन अब आज उन्होंने सीट शेयरिंग पर बड़ी बात कह दी है. उनका यह कहना है कि अगर भाजपा उन्हें उम्मीद के मुताबिक सीटें नहीं देती है तो वह सपा के साथ भी गठबंधन पर विचार कर सकती है. हालांकि उन्होंने कहा कि अभी ऐसा कुछ तय नहीं है. 

सपा के साथ भी चुनाव लड़ चुके हैं संजय निषाद 

संजय निषाद समाजवादी पार्टी के साथ भी गठबंधन करके चुनाव लड़ चुके हैं. 2018 के गोरखपुर लोकसभा उपचुनाव में उन्होंने सपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था. जहां उनके बेटे प्रवीण निषाद ने सपा के सिंबल पर जीत हासिल की थी. लेकिन 2019 में सपा से सीटों को लेकर बात बिगड़ गई और वह गठबंधन से अलग हो गए. इसके बाद वह 2019 में भाजपा से जुड़ गए थे. जहां उनके बेटे ने 2019 में संतकबीरनगर लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव जीता था. 

2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में वह बीजेपी के साथ ही गठबंधन में चुनाव लड़े थे. उनकी पार्टी के 6 प्रत्याशी जीते थे. जिसके बाद वह भी एमएलसी चुने गए और उन्हें योगी सरकार में मंत्री भी बनाया गया था. लेकिन अब 2027 के आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीति फिर गर्माती नजर आ रही है. 

ये भी पढ़ेंः योगी के मंत्री संजय निषाद की सपा नेता माता प्रसाद पांडेय से मुलाकात, भाजपा को दे चुके हैं हार की चेतावनी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sanjay Nishad, Sanjay Nishad Latest News, Sanjay Nishad News, UP Election, Up Election News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com