विज्ञापन

UP News: सहारनपुर सड़क हादसे में उजाड़ा पूरा परिवार; मां-बहन और मासूम बेटी समेत चार की मौत

सहारनपुर के बेहट रोड पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जहां एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी. इस हादसे में बाइक पर सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों युवक, उसकी मां, बहन और 5 साल की बेटी की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक युवक अपनी ससुराल से लौट रहा था. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूरे गांव में शोक का माहौल है.

UP News: सहारनपुर सड़क हादसे में उजाड़ा पूरा परिवार; मां-बहन और मासूम बेटी समेत चार की मौत

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बेहट रोड पर शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया. थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के धौलाकुआं के पास एक तेज रफ्तार क्रेटा कार ने बाइक सवार परिवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. 

सहारनपुर अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया. मृतकों में मलकपुर निवासी लविश (26), उसकी मां राजदुलारी (55), बहन अंजना उर्फ तन्नु (20) और पांच वर्षीय बेटी रूही शामिल हैं. एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही गांव मलकपुर में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

अपने गांव मलकपुर लौट रहे थे 

परिजनों ने बताया कि लविश अपनी मां, बहन और बेटी को कोठड़ी स्थित अपनी ससुराल से लेकर वापस अपने गांव मलकपुर लौट रहा था. धौलाकुआं के पास पहुंचते ही पीछे से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. 

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया. सहारनपुर के एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.

तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था लविश

लविश मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था. वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था. वर्ष 2022 में उसकी शादी हुई थी और घर पर इस समय उसकी पत्नी और एक छोटा बेटा हैं. हादसे में जान गंवाने वाली रूही उसकी बड़ी बेटी थी, जिसकी मासूम मुस्कान अब हमेशा के लिए खामोश हो गई है. एक झटके में पूरे परिवार की खुशियां उजड़ गईं. मां, बहन और बेटी को खोने का दर्द परिजनों के लिए असहनीय है. मलकपुर गांव में हर आंख नम है और पूरे इलाके में शोक की लहर है. यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है.

(अशोक कुमार की र‍िपोर्ट) 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP, Uttar Pradesh, Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com