विज्ञापन

अगले आतंकवादी बांग्लादेश से निकलेंगे- शेख हसीना के बेटे का डरावना दावा

भारत में शरण लेने के बाद पहली बार 5 अक्टूबर को शेख हसीना मीडिया के सामने आईं और बंद कैमरे के सामने अपनी बात रखी, मीडिया के सवालों का जवाब दिया. ठीक 2 साल पहले बांग्लादेश में उनका तख्तापलट हुआ था.

अगले आतंकवादी बांग्लादेश से निकलेंगे- शेख हसीना के बेटे का डरावना दावा
शेख हसीना के बेटे वाजेद जॉय ने कहा- बांग्लादेश अब पाकिस्तान बन गया है
  • शेख हसीना भारत में शरण लेने के बाद पहली बार मीडिया के सामने आईं, उनके बेटे सजीब वाजेद जॉय ने भी अपनी बात रखी
  • अवामी लीग के सीनियर नेता सजीब वाजेद जॉय ने बांग्लादेश को क्षेत्रीय आतंकवाद का बड़ा केंद्र बनने की चेतावनी दी
  • उन्होंने कहा कि बांग्लादेश भारत की पूर्वी सीमा पर दूसरा पाकिस्तान बन चुका है

बांग्लादेश अब एक नाकाम देश बनता जा रहा है, यह दूसरा पाकिस्तान बन गया है... यह कहना है बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के बेटे और अवामी लीग के सीनियर नेता सजीब वाजेद जॉय का. शेख हसीना ने भारत में शरण ले रखी है और दिसंबर में वतन वापसी की तैयारी में हैं. शेख हसीना ने भारत आने के बाद पहली बार बुधवार, 5 अगस्त को मीडिया से बंद कैमरे के सामने बातचीत की और यहीं सजीब वाजेद जॉय ने भी अपनी बात की. वाजेद जॉय ने कहा कि अगर अगर अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने हस्तक्षेप नहीं किया, तो बांग्लादेश क्षेत्रीय आतंकवाद का बड़ा केंद्र बन सकता है. जॉय ने यह भाषण अमेरिका के मैरीलैंड से वर्चुअली दिया था.

नई दिल्ली के फॉरेन कॉरेस्पॉन्डेंट्स क्लब में चलाए गए जॉय के भाषण का सबसे अहम हिस्सा बांग्लादेश में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI की कथित गतिविधियों से जुड़ा था. उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी खुफिया एजेंसियां, खासकर ISI, अब बांग्लादेश में खुलेआम काम कर रही हैं. उनका दावा था कि अवामी लीग सरकार के समय गिरफ्तार किए गए और जेल भेजे गए सैकड़ों दोषी आतंकवादियों को रिहा कर दिया गया है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रतिबंधित संगठन हिज्ब उत-तहरीर अब खुलेआम रैलियां निकाल रहा है और अल-कायदा से जुड़े लोग सार्वजनिक सभाओं को संबोधित कर चुके हैं.

"बांग्लादेश दूसरा पाकिस्तान बन गया है"

जॉय ने कहा, "बांग्लादेश, भारत की पूर्वी बॉर्डर पर दूसरा पाकिस्तान बन गया है." उन्होंने इसे नई दिल्ली की सुरक्षा के लिए सीधा खतरा बताया. जॉय ने कहा कि अगर यह स्थिति नहीं बदली, तो दुनिया के अगले आतंकवादी बांग्लादेश से निकलेंगे. उन्होंने भारतीय मीडिया से इस मुद्दे को लगातार उठाने की अपील की और कहा कि इसे सिर्फ कभी-कभार की खबर बनाकर नहीं छोड़ा जाना चाहिए.

जॉय का यह बयान फरवरी 2026 में हुए बांग्लादेश के संसदीय चुनावों के करीब छह महीने बाद आया है. इन चुनावों में तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने बड़ी जीत हासिल की थी और मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार के खत्म होने के बाद नई सरकार बनाई थी. हसीना की पार्टी, अवामी लीग को यूनुस की कार्यवाहक सरकार ने बैन कर दिया था और चुनाव लड़ने की भी अनुमति नहीं दी थी. जॉय ने कई बार इस बात का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे चुनावों को लोगों का पूरी तरह प्रतिनिधित्व करने वाला नहीं माना जा सकता.

"अवामी लीग के नेताओं को निशाना बनाया जा रहा और पुलिस कुछ नहीं कर रही"

सुरक्षा से जुड़े मुद्दों के अलावा जॉय ने कई दूसरी शिकायतें भी उठाईं. उन्होंने जुलाई-अगस्त 2024 के उन प्रदर्शनों में मारे गए लोगों की संख्या पर सवाल उठाया, जिनकी वजह से शेख हसीना को सत्ता छोड़नी पड़ी थी. जॉय ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र (UN) के अनुमान में करीब 1400 मौतों की बात कही गई, जबकि सरकार ने लगभग 800 मौतों का आंकड़ा दिया. उन्होंने दावा किया कि अवामी लीग के वकीलों ने संयुक्त राष्ट्र से कई बार ज्यादा संख्या वाले लोगों के नाम मांगे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.

जॉय ने उस "इंडेम्निटी बिल" की भी आलोचना की, जिसे मोहम्मद यूनुस की सरकार के दौरान पास किया गया था और बाद में बीएनपी सरकार ने मंजूरी दे दी थी. जॉय का आरोप है कि यह कानून प्रदर्शनकारियों को पूरी कानूनी सुरक्षा देता है, जिसमें पुलिसकर्मियों, आम लोगों और अवामी लीग के सदस्यों की हत्या जैसे मामले भी शामिल हैं. उन्होंने कहा कि इस कानून की वजह से इन मौतों के लिए किसी पर कार्रवाई करने का रास्ता ही बंद हो गया है.

जॉय ने यह भी आरोप लगाया कि अवामी लीग के हजारों नेता और समर्थक बिना मुकदमे और बिना जमानत के लंबे समय से जेल में बंद हैं. उनका दावा है कि इनमें से कुछ लोगों की हिरासत में मौत हो गई, जिसे उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया से बाहर की गई हत्या बताया. उन्होंने कहा कि पार्टी के सदस्यों को जेल के बाहर भी हर कुछ हफ्तों में निशाना बनाया जा रहा है और पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है.

जॉय ने यह भी आरोप लगाया कि अवामी लीग के लिए सहानुभूति रखने वाले पत्रकार, संपादक और मीडिया मालिक दो साल से ज्यादा समय से जेल में बंद हैं. उन्होंने दावा किया कि बुधवार के कार्यक्रम से पहले खुफिया अधिकारियों ने भारतीय मीडिया संस्थानों से संपर्क किया था ताकि इस कार्यक्रम की कवरेज को रोका जा सके. हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि जॉय के ये बयान अगस्त 2024 में शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद की घटनाओं पर अवामी लीग का पक्ष हैं.

यह भी पढ़ें: 'हमने भारत को बता दिया था फिर भी'... हसीना की दिल्ली में मीडिया से बातचीत पर भड़का बांग्लादेश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bangladesh, Sheikh Hasina, Sheikh Hasina Son Sajeeb Wazed
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com