विज्ञापन

भाजपा छोड़ने की अफवाहों पर रीता बहुगुणा जोशी का बड़ा बयान, कहा- 'कांग्रेस में जाने की खबर पूरी तरह झूठी'

रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि जैसे ही उनका स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक होगा, वह फिर से पार्टी के कार्यक्रमों और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेंगी.

भाजपा छोड़ने की अफवाहों पर रीता बहुगुणा जोशी का बड़ा बयान, कहा- 'कांग्रेस में जाने की खबर पूरी तरह झूठी'
फाइल फोटो
PTI

पूर्व सांसद और भाजपा नेता प्रो. रीता बहुगुणा जोशी ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने की चर्चाओं को पूरी तरह खारिज कर दिया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उनके बारे में फैलाई जा रही खबरें भ्रामक, निराधार और असत्य हैं. जोशी ने कहा कि भाजपा छोड़ने या किसी अन्य राजनीतिक दल में जाने को लेकर न तो उनकी किसी स्तर पर कोई बातचीत हुई है और न ही किसी विपक्षी नेता से उनका कोई संपर्क है.

रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से अफवाह फैलाई जा रही है कि वह भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने वाली हैं. उन्होंने इस दावे को सिरे से नकारते हुए कहा कि यह खबर पूरी तरह गलत है और इसका वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है. उन्होंने साफ किया कि वह भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं और पार्टी छोड़ने का कोई सवाल ही नहीं उठता.

पति के निधन की वजह से बनाई सार्वजनिक दूरी

पूर्व सांसद ने यह भी बताया कि मई महीने में उनके पति के निधन के बाद उन्होंने कुछ समय के लिए सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूरी बना ली थी. इसी बीच 20 जुलाई को उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया, जिसके बाद उनका इलाज दिल्ली में चल रहा है.

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कारणों और पारिवारिक परिस्थितियों की वजह से उनकी सार्वजनिक सक्रियता कुछ समय के लिए कम हुई, लेकिन इसे राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर देखना गलत है.

सेहत ठीक होने पर होंगी सक्रिय

रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि जैसे ही उनका स्वास्थ्य पूरी तरह ठीक होगा, वह फिर से पार्टी के कार्यक्रमों और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेंगी. उन्होंने समर्थकों और शुभचिंतकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें.

उनके इस बयान के बाद भाजपा छोड़ने और कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है. जोशी ने साफ कर दिया है कि उनका भाजपा से नाता पहले की तरह कायम है और राजनीतिक दल बदलने की खबरें केवल अफवाह हैं.

यह भी पढ़ें: मायावती का अब भतीजी से भी किनारा, बोलीं- शादी के बाद आकाश जैसा हो सकता है हाल; ईशान को बढ़ाएंगी आगे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rita Bahuguna Joshi, BJP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com