- VHP अध्यक्ष आलोक कुमार ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच के दायरे को बढ़ाने की मांग की है
- उन्होंने चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ भी जांच करने की बात कही है
- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में 8 नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर सभी को गिरफ्तार किया गया है
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच के दायरे को विश्व हिंदू परिषद के अध्यक्ष आलोक कुमार ने बढ़ाए जाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ भी जांच हों, ये लोग जांच से बाहर नहीं हैं. राम मंदिर गबन मामले में 8 लोगों के खिलाफ प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज की गई है, उसमें अन्य लोगों का भी जिक्र किया गया है. अभी कोई भी जांच के दायरे से बाहर नहीं है. इस मामले में भले ही अब तक ट्रस्ट के पदाधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप नहीं हैं, लेकिन पूरे प्रकरण में उनकी हीलाहवाली को लेकर सवाल उठाए जाते रहे हैं.
चंपत राय इस्तीफा देंगे या नहीं ये उनपर निर्भर
आलोक कुमार ने कहा कि राम मंदिर दान के गबन में जब आरोप लगे तब ट्रस्ट ने SIT का गठन करने को कहा था. SIT की रिपोर्ट में कहा गया है कि प्राथमिक तौर पर 8 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज हुई है, अन्य लोगों के खिलाफ भी जांच होगी. 2027 के चुनाव में इसे मुद्दा बनाने की कोशिश हो रही है. जो लोग भी छोटी मछली और बड़ी मछली कह रहे हैं उनको पता नहीं है कि सबकी जांच हो रही है और पुलिस को करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि इस्तीफा मांगने वाले विपक्ष के नेताओं पर जाने कितने आरोप लगे थे, लेकिन उन्होंने कभी इस्तीफा नहीं दिया. चंपत राय इस्तीफा देंगे या नहीं ये उनपर निर्भर करता है.
चढ़ावा चोरी मामले में 8 नामजद आरोपी गिरफ्तार
बता दें कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में सभी 8 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. गुरुवार को FIR दर्ज होने के बाद ये सभी रात भर हिरासत में रहे. SIT सूत्रों के मुताबिक, ये सभी अब गिरफ्तार कर लिए गए हैं. बता दें कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्र, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय, लवकुश मिश्र, रमाशंकर मिश्र, सुभाष श्रीवास्तव और मनीष यादव पर नामजद FIR दर्ज कराई गई है. इन सभी पर चोरी, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक षड़यंत्र समेत विभिन्न आरोपों के तहत केस दर्ज किया गया है.
चंपत राय और अनिल मिश्रा के खिलाफ भी जांच की मांग
एक दिन पहले आलोक कुमार ने तत्काल कानूनी कदम उठाने की सार्वजनिक अपील की थी. उन्होंने एक्स पर एक उगते सूरज की रोशनी में भव्य राम मंदिर की तस्वीर शेयर की थी. इस पोस्टर में उन्होंने मंदिर ट्रस्ट में कथित गड़बड़ियों को दूर करने के लिए चार मुख्य मांगें भी रखीं थीं. अब उन्होंने ट्रस्ट के पदाधिकाियों पर भी जाचं किए जाने की मांग की है. उनका कहना है कि सभीके खिलाफ जांच होनी चाहिए.
ये भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी: VHP अध्यक्ष ने बताया अब भक्तों का भरोसा कैसे लौट सकता है-EXCLUSIVE
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं