- मनसैता गांव के मनकामेश्वर भीमकुंडा मंदिर में मुख्य पुजारी बाबा दयाल दास की हत्या ईंट और पत्थरों से की गई थी.
- 62 वर्षीय पुजारी बाबा दयाल दास पिछले लगभग पच्चीस वर्षों से मंदिर में पूजा-अर्चना और सेवा कार्य करते आ रहे थे.
- पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया है.
यूपी के प्रयागराज के गंगानगर जोन स्थित थरवई थाना क्षेत्र के मनसैता गांव में एक पुजारी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. गांव के बाहरी इलाके में स्थित प्राचीन मनकामेश्वर भीमकुंडा मंदिर परिसर में रहने वाले 62 वर्षीय मुख्य पुजारी 1008 बाबा दयाल दास की अज्ञात हमलावरों ने ईंट और पत्थरों से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी. मंगलवार सुबह मंदिर परिसर में पुजारी का खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
जानकारी के अनुसार, बाबा दयाल दास मूल रूप से अयोध्या के प्रसिद्ध अखिल भारतीय श्री पंच निर्वाणी अखाड़ा, हनुमानगढ़ी से जुड़े थे. वह पिछले करीब 25 वर्षों से मनसैता गांव के इस मंदिर में रहकर पूजा-अर्चना और सेवा कार्य कर रहे थे. क्षेत्र में उनकी काफी प्रतिष्ठा थी. मंगलवार सुबह जब स्थानीय श्रद्धालु और ग्रामीण मंदिर की साफ-सफाई तथा दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे तो बाबा दयाल दास दिखाई नहीं दिए. उनकी तलाश शुरू की गई तो मंदिर परिसर में ही उनका शव पड़ा मिला.
घटना की गंभीरता को देखते हुए थरवई थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. सुबह करीब आठ बजे एसीपी थरवई ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी. मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया. फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से खून के नमूने, ईंट-पत्थर और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं.
प्रारंभिक जांच में पुलिस को मंदिर में रखा दानपात्र भी टूटा हुआ मिला है. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर परिसर में पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं. दानपात्र के टूटे होने और पूर्व की घटनाओं को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि बदमाश चोरी की नीयत से मंदिर में घुसे होंगे. इस दौरान पुजारी के जाग जाने या विरोध करने पर उनकी हत्या कर दी गई होगी. हालांकि पुलिस फिलहाल चोरी, रंजिश को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही हमलावरों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है. फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
ये भी पढ़ें : सपा ने कांग्रेस को 26 सीटें दीं, वहां कैसा है जातीय समीकरण? 2022 में सिर्फ 2 सीटें जीता था 'पंजा'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं