कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के अब्बिगेरे सर्कल के पास होटल की खिड़की से धक्का देकर बॉयफ्रेंड ने अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी. मृतका की पहचान हसन की रहने वाली 26 साल की ऐश्वर्या के रूप में हुई है. वहीं आरोपी बॉयफ्रेंड का नाम संतोष बताया जा रहा है. एक प्राइवेट कंपनी में काम करने वाली ऐश्वर्या उस होटल में अपने दोस्त संतोष के साथ रुकी थी.
बताया जा रहा है कि कमरे में दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद संतोष ने उसे तीसरी मंजिल की खिड़की से नीचे धक्का दे दिया. वह एक बिजली के खंभे पर जा गिरी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं. बाद में एक प्राइवेट अस्पताल में उसकी मौत हो गई.
शुरुआत में पुलिस ने इसे संदिग्ध आत्महत्या का मामला माना था, लेकिन जांच के दौरान हत्या का खुलासा हुआ. ऐश्वर्या के पिता की शिकायत के बाद गंगाममनगुडी पुलिस ने आरोपी संतोष को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस जांच के अनुसार, दोनों रिलेशनशिप में थे और शादी करने वाले थे. हालांकि, संतोष बार-बार शादी टाल रहा था. आरोप है कि उसके पास ऐश्वर्या की कुछ निजी तस्वीरें और वीडियो थे, जिनका इस्तेमाल करके वह उसे धमकाता था. वह ऐश्वर्या पर उससे मिलने का दबाव भी बना रहा था.
19 नवंबर को ऐश्वर्या ने अपने परिवार को बताया था कि वह एक इंटरव्यू के लिए जा रही है, लेकिन बाद में वह होटल में संतोष से मिलने चली गई. फिलहाल संतोष पुलिस की हिरासत में है और मामले की आगे की जांच चल रही है.
इसे भी पढ़ें: भाई जगन से संपत्ति की जंग! बेंगलुरु में येलेहंका पैलेस जाते समय वाईएस शर्मिला को पुलिस ने रोका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं