Prayagraj Hotel Fire: प्रयागराज के सिटी जोन में रविवार सुबह उस समय अफरा‑तफरी मच गई, जब जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में अचानक आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि होटल परिसर के अंदर टीन शेड में बने कैफे को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया. गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
रविवार सुबह लगी आग
यह घटना रविवार सुबह करीब दस बजे जॉर्ज टाउन थाना क्षेत्र के बैरहना सब्जी मंडी स्थित होटल अवध इन एंड कैफे में हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक कैफे की ओर से धुआं उठने लगा और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया. देखते ही देखते आग ने पूरे टीन शेड में बने रेस्टोरेंट को घेर लिया.
रेस्टोरेंट पूरी तरह जलकर खाक
आग की चपेट में आने से होटल परिसर में बना कैफे पूरी तरह जलकर खाक हो गया. आग इतनी तेज थी कि वहां लगे एसी और पास में खड़ी एक बाइक भी जल गई. आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर होटल में काम करने वाले कर्मचारियों में हड़कंप मच गया. घटना के बाद होटल कर्मियों और आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने मिलकर शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की. हालांकि आग तेजी से फैल रही थी, जिससे स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही थी. इसी बीच फायर विभाग को सूचना दी गई.
फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने पाया काबू
सूचना मिलते ही फायर विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग भले ही विकराल हो चुकी थी, लेकिन समय रहते उसे आसपास के इलाकों में फैलने से रोक लिया गया. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कैफे और सामान को भारी नुकसान पहुंचा है. शुरुआती अनुमान के अनुसार, आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. राहत की बात यह रही कि घटना के समय कैफे में कोई मौजूद नहीं था.
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने का सही कारण अभी स्पष्ट नहीं है. प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. घटना की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सके. हालांकि आग कैफे तक सीमित रही, लेकिन धुएं का असर होटल के कमरों तक पहुंच गया. इससे होटल में ठहरे लोगों और कर्मचारियों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया. समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा होने से बच गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं