विज्ञापन
This Article is From Mar 26, 2025

UP सरकार के 8 साल पूरा होने पर विकास उत्सव: ऊर्जा मंत्री की जनसभा में बिजली गुल, अंधेरे में चप्पल खोजते नजर आए नेता जी

यूपी सरकार के 8 साल पूरे होने पर मऊ में आयोजित तीन दिवसीय विकास उत्सव में शामिल होने प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा बुधवार को पहुंचे थे. ऊर्जा मंत्री की जनसभा के दौरान ही वहां बिजली कट गई.

UP सरकार के 8 साल पूरा होने पर विकास उत्सव: ऊर्जा मंत्री की जनसभा में बिजली गुल, अंधेरे में चप्पल खोजते नजर आए नेता जी
मऊ में ऊर्जा मंत्री की जनसभा में बिजली गुल.
मऊ:

उत्तर प्रदेश में बीजेपी सरकार के 8 साल हाल ही में पूरे हुए है. 8 साल पूरे होने के मौके पर यूपी के अलग-अलग जिलों में विकास उत्सव मनाया जा रहा है. लेकिन बुधवार शाम मऊ में आयोजित विकास उत्सव में कुछ ऐसी स्थिति बनी, जिसने प्रशासन को शर्मसार कर दिया. दरअसल यूपी सरकार के 8 साल पूरे होने पर मऊ में आयोजित तीन दिवसीय विकास उत्सव में शामिल होने प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा बुधवार को पहुंचे थे. ऊर्जा मंत्री की जनसभा के दौरान ही वहां बिजली कट गई. जिसके बाद मोबाइल की रोशनी में मंत्री जी इधर-उधर करते नजर आए. 

बताया गया कि बुधवार की शाम को मंत्री अरविंद शर्मा को हनुमान घाट पर स्थानीय लोगों ने सम्मान समारोह में आमंत्रित किया. लेकिन हैरानी की बात यह रही कि जिस मंत्री के विभाग पर पूरे प्रदेश की रोशनी की जिम्मेदारी है, उन्हें अपने गृह जनपद में ही शहर के बीचों-बीच खुद अंधेरे में भाषण देना पड़ा.

नगर के सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र हनुमान घाट सहित पूरे बांध रोड पर घंटों बिजली गुल रही और विद्युत विभाग के जवाबदेह अधिकारी भी नदारद रहे.

अंधेरे में चप्पल खोजते दिखे मंत्री

कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब मंत्री वहां से लौटने लगे तो अंधेरे में अपनी चप्पल मोबाइल की रोशनी के सहारे ढूंढने की नौबत आ गई. इस दौरान मोबाइल और टॉर्च की रोशनी में ऊर्जा मंत्री को चप्पल तलाशनी पड़ी. इस असहज स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे बिजली विभाग की बड़ी किरकिरी हो रही है.

गौरतलब है कि 25 से 27 मार्च तक मऊ में सरकारी योजनाओं के प्रदर्शन और उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. पहले दिन प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव और दूसरे दिन पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कार्यक्रम में भाग लिया. तीसरे दिन जब गृह जनपद के मंत्री अरविंद शर्मा पहुंचे, तो बिजली विभाग की लापरवाही ने सरकार की छवि को ठेस पहुंचाई.

भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताई नाराजगी

घटना को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भी नाराजगी है. उनका कहना है कि मऊ के अधिकारी मंत्री की साफ-सुथरी छवि को धूमिल करने की साजिश रच रहे हैं. कई कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है.

मंत्री की सादगी चर्चा में

हालांकि, अंधेरे में मोबाइलो की रोशनी में भाषण देना और चप्पल तलाशना भी मंत्री की सादगी और सहजता का उदाहरण बन गया. लोगों ने उनकी मृदुभाषी और विनम्र छवि की सराहना करते हुए कहा कि ऊर्जा मंत्री की कार्यशैली जनता के बीच लोकप्रियता का कारण बनी हुई है.

ऊर्जा मंत्री के कार्यक्रम में बिजली गुल मामले में चार अधिकारियों पर कार्रवाई

मऊ, उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के जनसभा कार्यक्रम में बिजली आपूर्ति बाधित होने के मामले में कड़ी कार्रवाई की गई है. बुद्धवार को हनुमान घाट-हरिकेशपुरा टीसीआई मोड़ पर आयोजित जनसभा के दौरान विद्युत आपूर्ति ठप हो गई, जिससे कार्यक्रम में असहज स्थिति उत्पन्न हो गई.

घटना को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने चार अधिकारियों पर कार्रवाई की है:

  1. संजय वैश्य (SE) – अधीक्षण अभियंता से स्पष्टीकरण मांगा गया है.
  2. भुवनराज सिंह (EE) – अधिशासी अभियंता को आरोप पत्र जारी किया गया है.
  3. प्रकाश सिंह (SDO) – उपखंड अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है.
  4. ओ.पी. खुसवाहा (JE) – अवर अभियंता को भी निलंबित किया गया है.

सरकार ने स्पष्ट किया है कि जनप्रतिनिधियों और जनता के सम्मान में कोई कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो, इसके लिए ऊर्जा विभाग को सख्त निर्देश दिए गए हैं. मामले की जांच जारी है और दोषियों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है.

यह भी पढ़ें - पहले चप्पलों से पीटा फिर फूंका पुतला, राणा सांगा पर सपा सांसद के बयान का गाजियाबाद में विरोध

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Power Cut In UP, Arvind Kumar Sharma, UP Government, 8 Years Of UP Government, UP Energy Minister
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com