विज्ञापन
This Article is From Aug 02, 2025

अब हम सिर्फ स्वदेशी ही बेचेंगे... ट्रंप टैरिफ के बीच PM मोदी की देश से बड़ी अपील

पीएम मोदी ने कहा कि भारत भी दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है. इसलिये भारत को भी अपने आर्थिक हितों को लेकर सजग रहना ही है.

वाराणसी में पीएम मोदी ने दिया 'लोकल फॉर वोकल' पर जोर.
  • पीएम मोदी ने वाराणसी में कहा कि वे उन वस्तुओं को खरीदेंगे जिनके निर्माण में भारतीयों का पसीना बहा हो.
  • पीएम मोदी ने देशवासियों से स्वदेशी वस्तुओं को खरीदने और विक्रेताओं से स्वदेशी माल बेचने का आग्रह किया.
  • पीएम मोदी ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को देशवासियों के अंदर स्वदेशी के संकल्प को जगाना होगा.
वाराणसी:

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 25% वाले टैरिफ बम के बीच पीएम मोदी ने बड़ा बयान दिया है. वाराणसी की धरती से पीएम मोदी ने साफ किया कि हम उन वस्तुओं को (PM Modi Make In India Products) खरीदेंगे, जिसे बनाने में किसी न किसी भारतीय का पसीना बहा है. विश्व की अस्थिर अर्थव्यवस्था के प्रति चिंता जताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमारे किसान, हमारे लघु उद्योग, हमारे नौजवानों के रोजगार, इनका हित हमारे लिये सबसे ऊपर है. उन्होंने दुकानदारों से भी स्वदेशी माल बेचने की अपील की.

ये भी पढ़ें- ट्रेड टैरिफ पर भारत को आंख दिखा रहे ट्रंप जरा खुद भी देख लें आईना, झूठ और भ्रम में जी रहा अमेरिका

पीएम मोदी ने दिया स्वदेशी खरीदने पर जोर

पीएम मोदी ने आगे कहा कि इसलिए अब हम उन वस्तुओं को खरीदेंगे, जिसे बनाने में किसी न किसी भारतीय का पसीना बहा है. पीएम मोदी का ये बयान ट्रंप का भारतीय सामान पर 25 प्रतिशत टैक्स लगाने के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है.  पीएम मोदी ने करीब 53 मिनट के अपने भाषण के अंतिम छह मिनट में भारत की अर्थव्यवस्था और स्वदेशी का जिक्र किया.

पीएम मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज जब हम आर्थिक प्रगति की बात कर रहे है, तो मैं आपका ध्यान वैश्विक हालात पर ले जाना चाहता हूं. आज दुनिया की अर्थव्यवस्था कई आशंकाओं से गुजर रही हैं. अस्थिरता का माहौल है. ऐसे में दुनिया के देश अपने-अपने हितों पर ध्यान दे रहे है.

भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर

मोदी ने कहा कि भारत भी दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है. इसलिये भारत को भी अपने आर्थिक हितों को लेकर सजग रहना ही है. हमारे किसान, हमारे लघु उदयोग, हमारे नौजवानों के रोजगार, इनका हित हमारे लिए सर्वोपरि हैं. सरकार इस दिशा में हर प्रयास कर रही है. लेकिन देश के नागरिक के रूप में भी हमारे कुछ दायित्व हैं. यह बात सिर्फ मोदी नहीं, हिंदुस्तान के हर व्यक्ति को दिन में हर पल बोलते रहना चाहिए.'

उन्होंने कहा, ''कोई भी राजनीतिक दल हो, कोई भी राजनेता हो, उसे अपने संकोच को छोड़कर के देशहित में देशवासियों के अंदर स्वदेशी के संकल्प का भाव जगाना होगा.

'वोकल फॉर लोकल' पर पीएम मोदी का जोर

पीएम ने कहा कि 'हम उन वस्तुओं को खरीदेंगे, जिसे बनाने में किसी न किसी भारतीय का पसीना बहा है. वह वस्तु भारत के लोगों ने बनाई है, भारत के लोगों के कौशल से बनी है. भारत के लोगों के पसीने से बनी है. हमें 'वोकल फॉर लोकल' मंत्र को अपनाना होगा. हमारे घर में जो भी नया सामान आयेगा, वह स्वदेशी ही होगा. यह जिम्मेदारी हर देशवासी को लेनी होगी. उन्होंने व्यापारियों से स्वदेशी माल ही बेचने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा, ''स्वदेशी माल बेचने का संकल्प भी देश की सच्ची सेवा है. त्योहारों के महीने आने वाले हैं. उसके बाद शादियों का सीजन है. इस दौरान स्वदेशी वस्तुओं को ही खरीदना चाहिए.

इनपुट-भाषा के साथ

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
PM Modi Varanasi, Local For Vocal, Indian Economy, Donald Trump, Make In India Apple
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com