- गोरखपुर में सपा के रोड शो के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से 13 साल के बच्चे की मौत पर राजभर ने अखिलेश को घेरा
- ओपी राजभर ने मृतक बच्चे को स्वतंत्रता सेनानी शिवपूजन सिंह के परिवार का वंशज बताया और अखिलेश यादव पर तंज कसा
- राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव और उनके समर्थक बच्चे की मौत के बाद संवेदना दिखाने में असफल रहे
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में सपा के रोड शो के दौरान हुई दुर्घटना में बच्चे की मौत को लेकर ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर हमला बोला है. राजभर ने दावा किया कि मृतक आर्यवर्धन स्वतंत्रता सेनानी के परिवार से ताल्लुक रखता था.उन्होंने अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा कि शहीद स्वतंत्रता सेनानी शिवपूजन सिंह की पांचवीं पीढ़ी के वंशज को आपके गुंडों ने मार डाला.अखिलेश का काफिला जब बच्चे पर चढ़ रहा था उस दौरान वह माफियाओं के साथ गलबहियां करके फोटो खिंचा रहे थे और अपनी नेतागीरी चमकाते रहे.
बच्चे की मौत के बाद भी अनजान बने रहे अखिलेश
राजभर ने दावा किया कि मासूम बच्चे की मौत के बाद भी अखिलेश यादव 24 घंटे तक अनजान बने रहे. चारों ओर से थू-थू होने के बाद उन्होंने संवेदना के नाम पर लीपा-पोती शुरू की. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश के पास स्वतंत्रता सेनानियों की जाति गिनने का समय है लेकिन पीड़ित परिवार के आंसू पोंछने समय उनके पास नहीं है.
अखिलेश यादव जी! जानते हैं दुनिया का सबसे बड़ा दुख क्या है? एक व्यक्ति का अपने बच्चे की लाश को कंधा देना। आपके गुंडों में यही दुख आवर्धन के पिता को दिया है। चौरी-चौरा के शहीद स्वतंत्रता सेनानी शिवपूजन सिंह की पांचवीं पीढ़ी के वंशज आर्यवर्धन को बीच सड़क कुचलकर मरवा डाला और माफियाओं के साथ गलबहियां करके फोटो खिंचाते रहे, नेतागीरी चमकाते रहे! परमपिता परमेश्वर दिवंगत आर्यवर्धन को अपने श्री चरणों में स्थान दें और उनके परिवार को इस अथाह दु:ख को सहन करने की शक्ति दें। साथ ही आपको सद्बुद्धि भी दें। समझ में नहीं आता कि आपको 'लफंगों का देवता' बनने का ये कैसा शौक चढ़ गया है। खुद पर फूल माला चढ़वाने के लिए सपाई गुंडों से जबरन जेसीबी मंगा लाए और सड़क पर अफरातफरी मचवा दी। जिस परिवार ने देश की आजादी के लिए खून बहाया हो, उसी परिवार का मासूम बेटा आपकी पीडीए यात्रा की अराजकता में सड़क पर कुचलकर मौत के मुंह में चला गया और इतना होने के बाद भी आपने क्या किया? पहले तो जान बूझकर अनजान बने रहे और जब चारों ओर से थू-थू होने लगी, तब जाकर 24 घंटे बाद संवेदना के नाम पर ट्विटर पर लीपा-पोती, आरोप-प्रत्यारोप और दुनियाभर का ज्ञान छांटने लगे। गोरखपुर में स्वतंत्रता सेनानियों की जाति गिनने का समय मिल गया आपको और माफियाओं के यहां दरबार लगाने का वक्त भी आपने निकाल लिया, मगर पीड़ित परिवार के आंसू पोंछने का समय नहीं मिला आपको। संवेदना व्यक्त करने में एक दिन लग गया। शहर दर शहर पीडीए के नाम पर गुंडों की फौज को सड़क पर उतार देते हैं, खुलेआम शक्ति प्रदर्शन करते हैं और जब जेसीबी से कोई मासूम कुचल जाए तो इतना कह के पल्ला झाड़ लेते हैं कि 'मुझे जानकारी नहीं'। खैर... आपके उद्दंड लोफर लोडरों का इलाज तो अब पुलिस कायदे से करेगी। पता चला है कि आजकल आप हर बात के लिए साइत निकलवा रहे हैं। जब आपके कर्म ही अच्छे नहीं हैं, तो लाख साइत और दिशाशूल निकलवा लीजिए परिणाम विपरीत ही आएंगे। लोफर लोडरों के भरोसे चल रही आपकी राजनीति आपको कहीं का नहीं छोड़ेगी, चेत जाइए। जय भारत, जय श्रीराम, जय श्रीकृष्ण, जय परशुराम, जय महाराजा सुहेलदेव! @yadavakhilesh
— Om Prakash Rajbhar (@oprajbhar) November 20, 2026
सपाई गुंडों से जबरन जेसीबी मंगाए
उन्होंने कहा कि अखिलेश जी, एक व्यक्ति का अपने बच्चे की लाश को कंधा देना दुनिया का सबसे बड़ा दुख होता है. आपके गुंडों ने यही दुख आवर्धन के पिता को दिया है. समझ में नहीं आता कि आपको 'लफंगों का देवता' बनने का ये कैसा शौक चढ़ गया. खुद पर फूल माला चढ़वाने के लिए सपाई गुंडों से जबरन जेसीबी मंगाए और सड़क पर अफरातफरी मचवा दी. उन्होंने कहा कि जिस परिवार ने देश की आजादी के लिए खून बहाया हो, उसी परिवार का मासूम बेटा आपकी पीडीए यात्रा की अराजकता में सड़क पर कुचलकर मौत के मुंह में चला गया और इतना होने के बाद भी आपने क्या किया? राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि आप तो जान बूझकर अनजान बने रहे.
पीडीए के नाम पर गुंडों की फौज का शक्ति प्रदर्शन
राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि शहर दर शहर पीडीए के नाम पर गुंडों की फौज को सड़क पर उतार देते हैं, खुलेआम शक्ति प्रदर्शन करते हैं और जब जेसीबी से कोई मासूम कुचल जाए तो इतना कह के पल्ला झाड़ लेते हैं कि 'मुझे जानकारी नहीं'. आपके उद्दंड लोफरो का इलाज तो अब पुलिस कायदे से करेगी.
सपा के रोड शो में 13 साल के एक लड़के की मौत
गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से 13 साल के एक लड़के की मौत हो गई. मृतक लड़के का नाम आर्यवर्धन सिंह था. उसके पिता एक स्थानीय बीजेपी नेता हैं.बच्चे के पिता की मांग है कि दोषियों को किसी भी सूरत में छोड़ा न जाए, कठोर कार्रवाई की जाए. उन्होंने अखिलेश यादव के सोशल मीडिया पोस्ट पर जवाब देते हुए कहा कि वह मदमस्त गज (हाथी) की तरह हैं. सत्ता में रहने के दौरान वह किसी को कुछ नहीं समझते थे. अगर उनके परिवार पर इस तरह की घटना होती तो क्या वह इसी तरह की अनाप-शनाप बयानबाजी करते. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की मानसिकता खत्म हो चुकी है.
सीएम योगी ने कहा-जानबूझकर बच्चे पर चढ़ाई गाड़ी
वहीं सीएम योगी ने कहा कि 13 साल का नाबालिग छात्र स्कूल से वापस आ रहा था. जेसीबी की टक्कर के बाद, उस पर जानबूझकर एक गाड़ी चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी गई. समाजवादी पार्टी प्रमुख की इन हरकतों और उनके गुंडों के बर्ताव को देखकर तो 'शर्म' भी खुद शर्मिंदा हो रही होगी. क्या इन लोगों को ऐसे आपराधिक कृत्यों पर बिल्कुल भी शर्म नहीं आती? पहले इन्होंने माफिया के जरिए राज्य को प्रताड़ित किया और बर्बाद किया, और आज इनका अहंकार फिर से सिर उठा रहा है.
ये वीडियो भी देखें-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं