विज्ञापन

ट्रैकिंग से बचने के लिए रखता कीपैड फोन, 250 CCTV खंगालकर पकड़ा गया 10 साल से फरार चोर, 11 लाख के जेवर बरामद

मामले की पूछताछ के दौरान आरोपी ने सेक्टर अल्फा-1 और अल्फा-2 में करीब सात से आठ महीने पहले हुई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है.

ट्रैकिंग से बचने के लिए रखता कीपैड फोन, 250 CCTV खंगालकर पकड़ा गया 10 साल से फरार चोर, 11 लाख के जेवर बरामद
नोएडा में पुलिस ने 10 साल से फरार चोर को पकड़ा है.

ग्रेटर नोएडा में बीटा-2 थाना पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था. करीब 10 वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस को 250 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी पड़ी. आखिरकार इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और तकनीकी जांच की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही.

शुक्रवार को एडिशनल डीसीपी अभय मिश्रा ने प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सारमिन उर्फ शम्भू निवासी बादशाह कॉलोनी दादरी के रूप में हुई है. आरोपी लंबे समय से अलग-अलग इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था.

बंद मकानों की रेकी कर करता था चोरी

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले बंद पड़े मकानों की रेकी करता था. घर के आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद वह मौका मिलते ही चोरी की वारदात को अंजाम देता था. चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषणों को बेचकर वह अवैध कमाई करता था.

पूछताछ के दौरान आरोपी ने सेक्टर अल्फा-1 और अल्फा-2 में करीब सात से आठ महीने पहले हुई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है. इसके अलावा उसने ग्रेटर नोएडा क्षेत्र की अन्य कई वारदातों में भी अपनी संलिप्तता कबूल की है.

11 लाख रुपये के आभूषण बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में चोरी के आभूषण बरामद किए हैं. इनमें सोने के तीन नेकलेस, दो मांग टीका, दो बारीक चेन के अलावा चांदी की पाजेब, हार, ब्रेसलेट, बच्चों के कड़े और बिछुए शामिल हैं. बरामद आभूषणों की कुल कीमत करीब 11 लाख रुपये आंकी गई है.

गिरफ्तारी से खुल सकते हैं कई और मामले

जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए कीपैड फोन का इस्तेमाल करता था ताकि उसकी लोकेशन और गतिविधियों का आसानी से पता न चल सके. वर्ष 2016 में जेल से बाहर आने के बाद वह लगातार विभिन्न क्षेत्रों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था.

गौतमबुद्ध नगर पुलिस के अलावा कई अन्य जिलों की पुलिस भी उसकी तलाश कर रही थी. अब पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी की गिरफ्तारी से कई पुरानी चोरी की घटनाओं का खुलासा हो सकता है. फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और उसके नेटवर्क से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है.

यह भी पढ़ें- वीकेंड को लेकर पहाड़ों पर उमड़ रही भीड़, मसूरी से लेकर नैनीताल तक ट्रैफिक को लेकर जारी किए गए गाइडलाइंस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Greater Noida, Gautam Buddha Nagar Police, Greater Noida  News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com