उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर में पुलिस कमिश्नरेट ने बुधवार को नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 972.283 किलोग्राम मादक पदार्थ नष्ट कर दिए. कोर्ट के आदेश पर चलाए गए 'ऑपरेशन दहन' के तहत डीसीपी नार्कोटिक्स की देखरेख में एक अधिकृत एजेंसी के जरिए इस माल को जलाया गया. नष्ट किए गए ड्रग्स की कुल अनुमानित कीमत 5 करोड़ 23 लाख रुपये से ज्यादा आंकी गई है.
ये सभी मादक पदार्थ जिले के 6 थानों में दर्ज 253 मामलों से जुड़े थे. पुलिस के मुताबिक सबसे ज्यादा 907.622 किलो गांजा नष्ट किया गया, जिसकी कीमत 4.53 करोड़ रुपये है. इसके अलावा 0.552 किलो चरस (1.38 लाख), 63.75 किलो डोडा (9.56 लाख), 0.115 किलो कोकीन (57.50 लाख) और 0.004 किलो एमडीएमए (40 हजार) के साथ 240 नशीली टेबलेट भी जलाई गईं.

किस थाने का कितना माल जला?
- बादलपुर: 97 केस - 630.88 किलो गांजा, 62.5 किलो डोडा, 0.18 किलो चरस, 100 ग्राम कोकीन.
- सेक्टर-63: 57 केस - 108.141 किलो गांजा.
- सेक्टर-113: 53 केस - 74.135 किलो गांजा.
- सेक्टर-126: 30 केस - 67.696 किलो गांजा, 0.372 किलो चरस, 15 ग्राम कोकीन, 4 ग्राम MDMA.
- सेक्टर-39: 15 केस - 24.47 किलो गांजा, 1.25 किलो डोडा, 240 टेबलेट.
- रबूपुरा: 1 केस - 2.3 किलो गांजा.
पुलिस का कहना है कि कमिश्नरेट में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में ये माल बरामद हुआ था और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी.
ये वीडियो देखेंः भारत का 'मिनी इजरायल' कैसे बना कसोल?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं