- भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार को देश के 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है.
- यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, समेत आज कई जगहों पर अच्छी बारिश हो सकती है.
- बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाओं की वजह से मॉनसून पूरी तरह से एक्टिव दिख रहा है.
मॉनसून जाते-जाते देश में अच्छी बारिश करवा रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून विदाई से पहले एक अच्छी बारिश का दौर देकर जा रहा है. शुक्रवार को यूपी, बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तराखंड, ओडिशा समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम बदलने की पूरी संभावना है, यहां 2 दिनों से मौसम करवट ले रहा है. हालांकि अब तक बारिश का दौर शुरू नहीं हुआ है. लेकिन अगले कुछ दिनों में बारिश शुरू हो सकती है. पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का दौर फिर से शुरू हो चुका है. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी आज बारिश की संभावना बन रही है. यहां बर्फबारी भी हो चुकी है, जिससे हल्की-हल्की ठंड का असर बढ़ा है. सैटेलाइट मैप में उत्तर पश्चिमी राज्यों में मॉनसूनी बादल छाए दिख रहे हैं, जिससे अगले कुछ घंटों में मौसम में बदलाव साफ दिख सकता है.
इन राज्यों में येलो-ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग 18 सितंबर के दिन उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल राज्यों में शुक्रवार के दिन ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. अगले 2 दिनों तक मौसम विभाग ने देश में झमाझम बारिश की संभावना मैदानी राज्यों में जताई है. जिससे यहां मॉनसून का कोटा भी जाते-जाते और पूरा हो सकता है.
यहां क्लिक करके जानिए अपने राज्य के AQI का हाल
यूपी-बिहार में आज भी झमाझम बारिश
उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के कई राज्यों में मॉनसून सक्रिय है, मौसम विभाग ने आज भी यूपी और बिहार में झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है. यूपी के 25 और बिहार के 18 जिलों में आज बारिश की संभावना है, दोनों ही राज्यों गंगा नदी उफान पर चल रही हैं, ऐसे में कई स्थानों पर लोगों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं. झमाझम बारिश होने की वजह से पूर्वी यूपी में बारिश का कोटा लगातार बढ़ता जा रहा है, इसी तरह की स्थिति बिहार में भी बन रही है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक बारिश की स्थिति इसी तरह रहने की संभावना है.
हिमाचल-उत्तराखंड में बर्फबारी
हिमाचल-उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी सीजन की पहली बर्फबारी हुई है. हिमाचल में मनाली और रोहतांग के पहाड़ों पर बर्फबारी दिखी, जबकि जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले में बर्फबारी हुई, इसी तरह से उत्तराखंड के हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हुई. जिससे यहां विजिबिलिटी भी घट गई, तीनों राज्यों में आज मौसम विभाग की तरफ से बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है. जबकि हल्की-हल्की ठंड का असर भी यहां दिखना शुरू हो गया है.
देश में अगले कुछ दिनों तक बारिश
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक देश में अगले कुछ दिनों तक मॉनसून पूरी तरह से उत्तर पश्चिमी और मध्य भारत में एक्टिव रहेगा. क्योंकि बंगाल की खाड़ी में बनी नमी की वजह से यहां मॉनसूनी हवाएं आ रही हैं. जिससे बारिश की स्थिति बन रही है. अच्छी बरसात होने की वजह से देश में बरसात का कोटा भी पूरा हुआ है. सुबह के वक्त अब कुछ राज्यों में हल्की धुंध भी दिखना शुरू हो चुकी हैं.
ये भी पढ़ेंः हिमाचल में पहली बर्फबारी ही बनी आफत, दो महिलाओं की मौत, 300 लोग फंसे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं