एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जापान को 8 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है. अब उनका सेमीफाइनल मुकाबला 20 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ खेला जाएगा. ये मैच कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जाएगा, जहां से एक तस्वीर सामने आई है. NDTV के कैमरे में स्टेडियम के बाहर आने-जाने का रास्ता बदहाल स्थिति में रिकॉर्ड हुआ है.
रास्ते पर जगह-जगह कीचड़ और पानी
तस्वीर में रास्ते पर जगह-जगह कीचड़ और पानी जमा दिखाई दे रहा है. इसके अलावा रास्ते का बड़ा हिस्सा उबड़-खाबड़ और गड्ढों से भरा नजर आ रहा है. स्टेडियम के आसपास का यह बाहरी रास्ता खिलाड़ियों और दर्शकों के आने-जाने के लिए इस्तेमाल होता है.
मैच की बात करें तो भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था. टीम के गेंदबाजों ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के फैसले को सही साबित किया और जापान को 19.5 ओवर में मात्र 57 रन पर समेट दिया.
जापान की तरफ से सलामी बल्लेबाजों हारुना इवासाकी और अयाका काटो स्टेफॉर्ड को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने खड़ी नहीं हो सकी. इवासाकी ने 22 गेंदों पर 10 और अयाका ने 47 गेंदों पर 25 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दो अंकों में प्रवेश नहीं कर सकीं. भारत की तरफ से श्री चरणी ने एक बार फिर बेहतरीन गेंदबाजी की और 4 ओवर में मात्र 10 रन देकर 4 विकेट हासिल किया. शेफाली वर्मा ने 2 विकेट लिए। श्रेयांका पाटिल और दीप्ति शर्मा को 1-1 विकेट मिला.
58 रन का स्कोर भारतीय टीम ने मात्र 5 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 59 रन बनाकर हासिल कर लिया. ओपनर शेफाली वर्मा मात्र 15 गेंदों पर 2 छक्के और 6 चौकों की मदद से 40 रन बनाकर रहीं. उनके साथ ऋचा घोष 6 गेंदों पर 12 रन बनाकर नाबाद रहीं। जी कामालिनी शून्य और भारती फूलमाली 6 रन बनाकर आउट हुईं.
भारत ने 5 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 59 रन बनाकर मैच 8 विकेट से जीता. इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली है. सेमीफाइनल में 20 सितंबर को भारत का मुकाबला बांग्लादेश को होगा. बांग्लादेश ने चीन के खिलाफ बारिश की वजह से मैच रद्द होने और आईसीसी में चीन से बेहतर रैंक होने के आधार पर सेमीफाइनल में जगह बनाई है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं