विज्ञापन
This Article is From Jul 14, 2017

यूपी में चलती ट्रेन में भीड़ ने मुस्लिम परिवार पर किया लोहे के सरिये से हमला, सांप्रदायिक टिप्‍पणी भी की

एक पुलिस अधिकारी के अनुसार परिवार के 8 सदस्‍य घायल हैं जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है. मामले में पूछताछ के लिए तीन लोगों को पकड़ा गया है लेकिन अभी त‍क किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.

यूपी में चलती ट्रेन में भीड़ ने मुस्लिम परिवार पर किया लोहे के सरिये से हमला, सांप्रदायिक टिप्‍पणी भी की
  • 'यह स्‍पष्‍ट नहीं हो सका है कि आखिर हमला किस वजह से हुआ'
  • 'वो हमें पीटते रहे, उन्‍होंने हमें लूटा, हमारे गहने भी ले गए'
  • परिवार का दावा, इमरजेंसी हेल्‍पलाइन यानी 100 नंबर काम नहीं कर रहा था
फर्रुखाबाद: उत्तर प्रदेश में चलती ट्रेन में एक मुस्लिम परिवार के साथ मारपीट और लूटपाट का मामला सामने आया है. यही नहीं, हमला करने वाली भीड़ ने उनपर सांप्रदायिक टिप्‍पणी भी की. घटना बुधवार की है. ट्रेन के कोच में घुस आए कुछ लोगों द्वारा हमले में घायल परिवार के लोगों को, जिनमें महिलाएं, पुरुष और यहां तक की दिव्‍यांग बच्‍चे भी शामिल हैं, को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद के एक अस्‍पताल में दाखिल कराया गया है.

एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, परिवार के 8 सदस्‍य घायल हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है. मामले में पूछताछ के लिए तीन लोगों को पकड़ा गया है, लेकिन अभी त‍क किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. 10 लोगों का यह परिवार एक शादी में शामिल होने के बाद अपने शहर लौट रहा था.

पुलिस ने बताया, 'यह स्‍पष्‍ट नहीं हो सका है कि आखिर हमला किस वजह से हुआ. अपुष्‍ट खबरों के अनुसार, हमलावरों में से कुछ ने जब दिव्‍यांग बच्‍चे के हाथ से मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की, जिसका परिवार ने विरोध किया. उसके बाद गुस्‍साई भीड़ ने परिवार को पीटना शुरू कर दिया.'

एक अन्‍य रिपोर्ट के अनुसार, एक लड़के ने परिवार की एक लड़की के साथ छेड़खानी की, जिसके बाद उसकी पिटाई की गई. इसके बाद उसने बदला लेने के लिए फोन कर अपने साथियों को बुला लिया. जब अगले स्‍टेशन पर ट्रेन रूकी तब उस लड़के के दोस्‍त और उसके गांव के कुछ लोग ट्रेन में सवार हो गए.

हरियाणा के बल्‍लभगढ़ के पास ट्रेन में जुनैद की हत्‍या करने वाले ने कबूला जुर्म


प्राप्‍त जानकारी के अनुसार, हमले के डर से परिवार ने बहस के बाद अपने कंपार्टमेंट को बंद भी किया, लेकिन दर्जन भर से ज्‍यादा लोगों ने उनका रास्‍ता रोक दिया. अस्‍पताल में दाखिल परिवार की एक महिला ने बताया, 'वो हमें पीटते रहे, उन्‍होंने हमें लूटा, हमारे गहने भी ले गए.' एक व्‍यक्ति ने रोते हुए बताया कि उसके छोटे से बेटे को थप्‍पड़ मारा गया और उसे बुरी तरह से पीटा गया. परिवार ने दावा किया कि इमरजेंसी हेल्‍पलाइन यानी 100 नंबर काम नहीं कर रहा था, जिसकी वजह से पुलिस समय पर नहीं आ सकी.

ये भी पढ़ें...
जुनैद के कत्ल के आरोपी का कबूलनामा - हत्या अचानक आए गुस्से के चलते की
हरियाणा : ट्रेन में शख्‍स की पीटकर हत्‍या करने के आरोपी ने कहा, 'उसे कहा गया था कि वो बीफ खाते हैं'

यह वैसी ही घटना है जैसी कि पिछले महीने हरियाणा के बल्‍लभगढ़ के पास घटित हुई थी, जिमसें जुनैद खान की मौत हो गई थी. उस मामले में सीट को लेकर जुनैद और उसके दोस्‍तों की किसी और के साथ बहस हुई थी, जिसके बाद 16 वर्षीय जुनैद को भीड़ में से किसी ने चाकू मार दिया था. भीड़ में लोग जुनैद और उसके दोस्‍तों को बीफ खाने वाला भी बता रहे थे.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Muslim Family Assaulted On Train, Communal Slurs, Farrukhabad
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com