विज्ञापन

मिठाई, नए कपड़े और खिलौने... 'ब्लू ड्रम' वाली मुस्कान की बेटी का पहला जन्मदिन जेल में मनेगा; क्या है तैयारी

मुस्कान ने 24 नवंबर 2025 को शाम 6:50 बजे मेरठ मेडिकल कॉलेज के गायनी वार्ड में बच्ची को जन्म दिया था. जन्म के बाद से बच्ची अपनी मां के साथ जेल में रह रही है.

मिठाई, नए कपड़े और खिलौने... 'ब्लू ड्रम' वाली मुस्कान की बेटी का पहला जन्मदिन जेल में मनेगा; क्या है तैयारी
मेरठ जिला जेल
NDTV
  • मेरठ जिला जेल में आरोपी मुस्कान की बेटी राधा का पहला जन्मदिन जेल प्रशासन की व्यवस्था में मनाया जाएगा.
  • मुस्कान की डिलीवरी 24 नवंबर को हुई थी, जिसमें अस्पताल में सुरक्षा के लिए पुलिस की तैनाती थी.
  • सौरभ के परिवार ने बच्ची को डीएनए टेस्ट के बाद भी गोद लेने से इनकार कर दिया है.

यूपी के मेरठ के चर्चित सौरभ हत्याकांड की आरोपी मुस्कान की बेटी राधा उर्फ मन्नत मंगलवार यानी आज एक साल की हो गई. उसका पहला जन्मदिन मेरठ जिला जेल में मनाया जाएगा. जेल प्रशासन ने इसकी तैयारी की है. जेल मैनुअल के मुताबिक बच्ची के लिए मिठाई, नए कपड़े और खिलौनों का इंतजाम किया जाएगा. मेरठ जिला जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि महिला बंदियों के साथ रह रहे छोटे बच्चों का जन्मदिन इसी नियम के अनुसार मनाया जाता है.

मुस्कान जिस पति सौरभ की हत्या के मामले में जेल में बंद है, उसका जन्मदिन भी 24 नवंबर को आता है. मुस्कान की दूसरी बेटी मन्नत के पिता के रूप में उसके प्रेमी साहिल का नाम सामने आया था. सौरभ की पहली बेटी पीहू, मुस्कान की गिरफ्तारी के बाद से अपने नाना-नानी के साथ रह रही है.

मुस्कान की डिलीवरी के लिए डॉक्टरों ने 28 नवंबर की तारीख दी थी, लेकिन बच्ची का जन्म उससे चार दिन पहले हुआ. उस समय अस्पताल में मुस्कान के परिवार से कोई नहीं पहुंचा था. उसकी सुरक्षा में जेल पुलिस और स्थानीय पुलिस के जवान तैनात थे. मेडिकल कॉलेज के 10 डॉक्टरों की टीम ने डिलीवरी कराई थी. टीम का नेतृत्व महिला एवं प्रसूति रोग विभाग की एचओडी डॉ. शगुन ने किया था. करीब 30 घंटे बाद मुस्कान को लेबर रूम से वार्ड में शिफ्ट किया गया. सुरक्षा के लिए उसे अलग प्राइवेट वार्ड में रखा गया था.

सौरभ के परिवार ने बच्ची को गोद लेने से किया इनकार

सौरभ का परिवार पहले बच्ची का डीएनए टेस्ट कराने के बाद उसे गोद लेने के लिए तैयार था. हालांकि, 14 अक्टूबर 2026 को मेरठ जिला अदालत से मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद परिवार ने बच्ची को अपनाने से इनकार कर दिया. सौरभ की मां रेणू देवी का कहना है कि बच्ची सौरभ की नहीं, बल्कि साहिल की है. इसलिए वे उसे नहीं रखना चाहते और न ही डीएनए टेस्ट कराएंगे.

परिवार नहीं कर रहा मुस्कान से संपर्क

सौरभ हत्याकांड में आरोपी मुस्कान 19 मार्च 2025 से मेरठ जिला जेल में बंद है. उसका प्रेमी साहिल भी इसी जेल में बंद है. जेल में साहिल खेती का काम कर रहा है. उससे मिलने उसकी नानी और भाई आते हैं, जबकि मुस्कान से अब तक परिवार का कोई सदस्य मिलने नहीं पहुंचा है. वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के मुताबिक, मुस्कान के परिजन न तो डिलीवरी के समय अस्पताल पहुंचे थे और न ही उन्होंने जेल प्रशासन से संपर्क किया है. ऐसे में बच्ची की दवाओं, कपड़ों और अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था जेल प्रशासन ही कर रहा है.

जेल में बच्ची को मिलेंगी जरूरी सुविधाएं

यूपी जेल मैनुअल के तहत 6 साल तक के बच्चे अपनी मां के साथ जेल में रह सकते हैं. जेल में उनके खेलने की व्यवस्था होती है. स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुफ्त टीकाकरण कराया जाता है. जरूरत पड़ने पर इलाज और दवाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं. इसके अलावा बच्चे का आंगनबाड़ी में पंजीकरण कराकर पढ़ाई की व्यवस्था भी की जाती है.

ये भी पढ़ें : बीजेपी जैसी मशीन से लड़ना है, जीत के लिए होता है अलायंस... कांग्रेस से डील पर क्या बोले अखिलेश यादव?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Blue Drum Case Update, Muskan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com