उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के नरैनी कस्बे में रविवार देर रात रेत के अवैध खनन को लेकर हुए विवाद में स्थानीय विधायक के भतीजे के साथ कथित रूप से मारपीट का मामला सामने आया है. नरैनी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) गिरीन्द्र सिंह ने बताया कि "रविवार रात मोतियारी मोड़ के पास दीपक नाम के दलित युवक के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट करने के मामले की शिकायत मिली है. पीड़ित युवक ने खुद को स्थानीय भाजपा विधायक का भतीजा बताया है."उन्होंने बताया कि "तहरीर में अवैध रेत खनन रोके जाने पर मुदीर्रामपुर के चुन्नू यादव द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है. मामले की जांच की जा रही है."वहीं, पीड़ित युवक दीपक ने आरोप लगाया कि नौगवां गांव में चुन्नू यादव बागै नदी में पिछले एक महीने से अवैध खनन करवा रहा है. रविवार को दीपक खुद के उपयोग के लिए रेत निकालने गया था, जिसपर उसने बिना पैसे दिए रेत ले जाने से मना कर दिया.
आगरा: अवैध रूप से रेत ले जा रहे ट्रैक्टर को पुलिस ने रोका, खनन माफिया ने दरोगा को मारी गोली
उसने बताया कि शाम को वह नरैनी कस्बे में एक निमंत्रण में था, जहां पहुंचकर चुन्नू ने उसके साथ मारपीट की है. जबकि, इसके विपरीत चुन्नू का कहना है कि खुद को विधायक का भतीजा बताने वाला युवक ही अवैध रेत खनन करवा रहा है. चुन्नू ने दो दिन पूर्व जेसीबी मशीन से रास्ते में गड्ढा खुदवा दिया था, जिससे नाराज होकर विधायक के साले और उसके भतीजे ने मारपीट की है. चुन्नू ने आरोप लगाया कि पुलिस नरैनी विधायक के दबाव में उसकी नहीं सुन रही है.
खनन घोटाला केस में बुलंदशहर डीएम के घर CBI का छापा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं