उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती से एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई दंग है. यहां एक गाय पिछले कई दिनों से लगातार एक खेत के चक्कर काट रही है. ग्रामीण इसे साक्षात ईश्वर का चमत्कार और दैवीय संकेत मान रहे हैं. आलम यह है कि इस अनोखे नजारे को देखने के लिए दूर-दूर से लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है. आखिर क्या है इस 'रहस्यमयी' परिक्रमा का सच?
कई दिनों से परिक्रमा कर रही गाय
श्रावस्ती जिले का गिलौला थाना क्षेत्र का बसबढ़िया गांव इस वक्त पूरे इलाके में कौतूहल का केंद्र बना हुआ है. वजह है स्क्रीन पर दिख रही ये गाय. आम तौर पर गाय चरती हैं या एक जगह बैठती हैं, लेकिन इस गांव में ये गाय पिछले कई दिनों से बिना रुके, लगातार एक खेत के चारों ओर परिक्रमा कर रही है. इस अनोखे नजारे को ग्रामीण आस्था और अटूट विश्वास से जोड़कर देख रहे हैं. गांव की महिलाएं इस गाय को साक्षात देवी का रूप मानकर इसके चरण वंदन कर रही हैं और पूजा-अर्चना की जा रही है. आस्था का सैलाब इस कदर उमड़ा है कि अब दूर-दूर से श्रद्धालु इस 'चमत्कारी' गाय के दर्शन के लिए बसबढ़िया गांव पहुंच रहे हैं.

भंडारे का किया गया आयोजन
बात सिर्फ दर्शन और पूजा तक ही सीमित नहीं है. गांव में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बाकायदा एक विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया है. पूरा गांव इस वक्त उत्सव के माहौल में डूबा हुआ है. जहां एक तरफ वैज्ञानिक दृष्टिकोण रखने वाले लोग इसे गाय की कोई दिमागी बीमारी या अजीब बर्ताव मान रहे हैं. वहीं, ग्रामीणों के लिए यह गहरी आस्था का विषय बन चुका है। सुनिए इस बारे में स्थानीय ग्रामीणों का क्या कहना है.
'ये साधारण बात नहीं'
एक ग्रामीण ने बताया क ये साधारण बात नहीं है. गाय माता पिछले कई दिनों से बिना थके इसी तरह गोल-गोल घूम रही हैं. ये भगवान का ही कोई संकेत है, हमारे गांव पर गौ माता की कृपा हुई है. इसीलिए हम सब पूजा-पाठ कर रहे हैं और बाहर से आने वालों के लिए भंडारा भी रखा गया है.
ये भी पढ़ें- लग्जरी कार, वर्दी और रौब...सेना में डॉक्टर नहीं बन पाया तो फर्जी ब्रिगेडियर बनकर घूमने लगा, यूं पकड़ा गया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं