विज्ञापन

मेरठ में रील्स के लिए मधुमक्खी का छत्ता छेड़ा, 50 डंक लगने से रीलबाज पहुंचा हॉस्पिटल, स्कूली बच्चे भी घायल

मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित सर्किट हाउस में सोमवार को रील बनाने के दौरान मधुमक्खियों के छत्ते से छेड़छाड़ के बाद मधुमक्खियों ने लोगों पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से परिसर में भगदड़ मच गई.

मेरठ में रील्स के लिए मधुमक्खी का छत्ता छेड़ा, 50 डंक लगने से रीलबाज पहुंचा हॉस्पिटल, स्कूली बच्चे भी घायल
मेरठ के सर्किट हाउस में मधुमक्खियों के हमले से भगदड़ मच गई (फोटो- NDTV)

रील्स बनाने और सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में आजकल कई लोग वह सब कर जा रहे हैं जो उन्हें नहीं करना चाहिए था. कई बार बात जान पर बन आती है और कई ऐसे मामले भी हैं जहां मौत भी हुई है. अब एक ऐसा ही मामला उत्तर प्रदेश के मेरठ से आया है. मेरठ के सर्किट हाउस में मधुमक्खियों के हमले से भगदड़ मच गई क्योंकि एक युवक ने रील बनाने के चक्कर मे मधुमक्खियों के छत्ते से छेड़छाड़ कर दी थी. इसके बाद मधुमक्खियों के झुंड ने वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया.

मधुमक्खियों के हमले में नंगला बट्टू के रहने वाले अभिनव को करीब 50 डंक लगे हैं. हमले के बाद वह बचाओ-बचाओ चिल्लाते हुए भागा, लेकिन कुछ देर बाद बेहोश होकर गिर पड़ा. पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

मधुमक्खी ने स्कूली बच्चों को भी डंक मारा

इस हमले में कई अन्य लोग और स्कूली बच्चे भी घायल हुए हैं. सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची. दमकलकर्मियों ने पानी डालकर मधुमक्खियों को भगाने की कोशिश की. यह घटना सिविल लाइन क्षेत्र की है. हमले में साकेत के रहने वाले साहिल कुशवाहा भी घायल हो गया. वह खाटूश्याम जी के जागरण की वीडियो बनाने के लिए सर्किट हाउस पहुंचा था. मधुमक्खियों ने उसे करीब आठ जगह डंक मारे. इसके अलावा शास्त्रीनगर के रहने वाली उन्नति समेत कई स्कूली बच्चों को भी मधुमक्खियों ने काट लिया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बेहोश अभिनव को सुशीला जसवंत राय हॉस्पिटल पहुंचाया. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

पानी की बौछार से भी नहीं भागीं मधुमक्खियां

इसके बाद दमकल की गाड़ी भी सर्किट हाउस पहुंची. दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार कर मधुमक्खियों को भगाने की कोशिश की. पहले तो मधुमक्खियां नहीं भागीं. बड़ी मशक्कत के बाद उन्हें भगाया जा सका. इसके बाद लोगों को राहत मिली. घटना के बाद परिसर में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा. 

यह भी पढ़ें | देश का सबसे बड़ा रावण बनाने वाले शख्स तेजिंदर सिंह कौन हैं? पिता की माफी और प्रायश्चित से शुरू हुई थी कहानी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Meerut, UP News, Bee Attack
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com