Owaisi Party Leader Arrested: मेरठ में ईद मिलन समारोह के दौरान भड़काऊ बयान देकर ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम (AIMIM) के प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली बुरे फंस गए हैं. एनकाउंटर करने वालों का एनकाउंटर करने के विवादित बयान पर पुलिस ने एआईएमआईएम के 6 नेताओं पर मुकदमा दर्ज किया है. साथ ही तीन को गिरफ्तार भी कर लिया है. पुलिस इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है. वहीं, मामले में बीजेपी नेता संगीत सोम की भी एंट्री हो गई है और उन्होंने शौकत अली (Haji Shaukat Ali) को छुट भैया नेता बता डाला.
क्या दिया था बयान
हाजी शौकत अली ने यह बयान सोमवार को ईद मिलन समारोह के दौरान दिया था. शौकत अली ने कहा था कि यूपी में 111 नहीं, सिर्फ 11 विधायक दे दो. उन्होंने यह भी कहा कि मुसलमान का एनकाउंटर करने वाले का भी एनकाउंटर होगा और यह वादा करके वह जा रहे हैं. उन्होंने समर्थकों से कहा कि अगर मस्जिदों और मदरसों की हिफाजत करनी है तो एक डंडा, एक झंडा और एक नेता बनाना पड़ेगा और विधानसभा तक पहुंचना होगा.
पुलिस हरकत में आई
मेरठ के एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि यह विवादित बयान देकर माहौल खराब करने की कोशिश की गई. यूपी में एनकाउंटर करने वाले का एनकाउंटर करने की बात कहकर ओवैसी के नेताओं ने पुलिस को निशाने पर लिया. वीडियो वायरल हुआ और मामला ने तूल पकड़ा तो लोहियानगर थाना पुलिस भी हरकत में आ गई.

ये तीन लोग हुए गिरफ्तार
पुलिस ने ओवैसी के 6 नेताओं पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. इसमें एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली, जिलाध्यक्ष चौधरी फहीम राजा, एआईएमआईएम यूथ महानगर अध्यक्ष ओवेश आलम, पश्चिमी यूपी अध्यक्ष महताब चौहान, महानगर अध्यक्ष इमरान अंसारी, असजद सहित कई अन्य भी शामिल हैं. एफआईआर के बाद पुलिस ने महताब चौहान, इमरान अंसारी और सचिव रजी सिद्दीकी को गिरफ्तार कर लिया है. शौकत अली समेत बाकी नामजद और अज्ञात की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.
ये भी पढ़ें- UP Cabinet: खाद्य, ऊर्जा समेत 35 प्रस्तावों को मंजूरी, 30 मार्च से शुरू होगी गेहूं खरीदी, जानिए योगी कैबिनेट के फैसले
संगीत सोम बोले- जनता लात मारेगी
उधर, इस मामले पर बीजेपी नेता संगीत सोम का कहना है कि ये कौन छुट भया नेता हैं. मैं नहीं जानता, पब्लिक इतनी लात मारेगी कि पाकिस्तान पार पहुंच जाएंगे. आतंकी पालने वाले लोग हैं और आतंकी या बदमाश का एनकाउंटर हो रहा है तो दिक्कत क्या है.
इधर, इस मामले पर अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने भी इस मामले में कड़ी कार्यवाही की मांग की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं