उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां के बहसूमा में 6 साल के बच्चे अंगदवीर की हत्या के बाद हर कोई यही सवाल पूछ रहा है कि क्या कोई मां अवैध संबंधों के चलते अपने इकलौते बेटे की हत्या करा सकती है? क्या कोई महिला अवैध संबंधों के जाल में इतनी अंधी हो सकती है कि उसकी ममता ही दम तोड़ दे? और क्या किसी मां को अपने बेटे से ज्यादा भी कोई प्यारा हो सकता है?
दरअसल, अंगद हत्याकांड की साजिश रचने के आरोप में अब उसकी मां गुरप्रीत कौर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. गुरप्रीत कौर से पहले, अंगद की हत्या के आरोप में एचडीएफसी हापुड़ ब्रांच के एरिया सेल्स मैनेजर अर्पित पाराशर की गिरफ्तारी हुई थी. इसके बाद पुलिस ने जो साक्ष्य जुटाए, उनके आधार पर अंगद की मां गुरप्रीत भी इस मामले में फंस गई.
मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार के अनुसार, अवैध संबंधों के चलते अपने प्रेमी अर्पित शर्मा के साथ मिलकर अंगद की मां गुरप्रीत कौर ने ही इस हत्या की साजिश रची थी. पुलिस ने अब आरोपी मां को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है.
अंगदवीर की हत्या की वजह
बता दें कि प्रेम संबंधों का खुलासा होने के डर से अंगद की हत्या की गई. मेरठ के रामराज निवासी बलजिंदर कौर ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दी थी कि उनके पोते अंगदवीर को अर्पित पाराशर घर के बाहर से अगवा करके कार में बैठाकर ले गया. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसे अरेस्ट किया.
पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि रविवार को वह गुरप्रीत से मिलने उसके घर गया था तब दोनों को अंगदवीर ने देख लिया था. डर था कि बच्चा कहीं उनके प्रेम संबंधों का राज नहीं खोल दे. इसी के चलते उसने अंगदवीर की हत्या कर दी.
छह माह पहले हुई थी अर्पित की शादी
उल्लेखनीय है कि अर्पित पाराशर की शादी छह पहले हुई थी. अंगद की हत्या के बाद अर्पित को मंगलवार देर रात मीरापुर के भूमा रोड से पुलिस हिरासत में लिया गया. पुलिस पूछताछ में आठ घंटे तक वह गुमराह करता रहा और बाद में सख्ती बरतने पर सच उगल दिया. उसने पुलिस को बताया कि अवैध संबंधों को छुपाने के लि ए उसने अंगद की हत्या करके शव को परीक्षितगढ पुलिस थाना इलाके के गांव के सामने नहर में फेंक दिया.
यह भी पढ़ें- एक्शन में मेरठ के SSP अविनाथ पांडेय, भ्रष्टाचार मामले में दरोगा और सिपाही के खिलाफ कर दी बड़ी कार्रवाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं