- मेरठ के सिविल लाइन क्षेत्र में छह स्कूली छात्र एक ही बाइक पर तेज रफ्तार में खतरनाक स्टंट करते पाए गए
- छात्र स्कूल से लौटते समय बाइक पर क्षमता से अधिक सवार होकर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहे थे
- सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो ने स्थानीय लोगों में चिंता और सड़क सुरक्षा को लेकर भय बढ़ा दिया
सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने की चाहत युवाओं में लगातार बढ़ती जा रही है. इसी के चलते उत्तर प्रदेश के मेरठ में स्कूली छात्रों की खतरनाक स्टंटबाजी का एक वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है. वीडियो में एक ही बाइक पर छह छात्र सवार होकर सड़क पर तेज रफ्तार में चलते दिखाई दे रहे हैं. इस दौरान वे खुलेआम ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आए.
स्कूल से लौटते समय किया खतरनाक स्टंट
जानकारी के अनुसार यह मामला मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है. बताया जा रहा है कि छात्र स्कूल से लौट रहे थे. इसी दौरान उन्होंने बाइक पर क्षमता से कई अधिक लोगों को बैठाकर सड़क पर सफर किया. बाइक तेज रफ्तार में थी और किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इसे लेकर चिंता जताई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही न केवल छात्रों की जान के लिए खतरा है बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी बड़ी मुश्किल पैदा कर सकती है. थोड़ी सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी.
रील बनाने की होड़ बन रही खतरा
हाल के दिनों में रील और वीडियो बनाने की होड़ में कई युवा जोखिम भरे स्टंट करते नजर आए हैं. ये लोग सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स पाने की चाहत बच्चों और युवाओं को ऐसे कदम उठाने के लिए प्रेरित कर रही है, जो जानलेवा साबित हो सकते हैं.
पुलिस ने शुरू की जांच
वीडियो सामने आने के बाद मेरठ पुलिस सक्रिय हो गई है. पुलिस वीडियो के आधार पर छात्रों की पहचान करने में जुटी है. इस मामले की जांच की जा रही है और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वे सड़क पर सुरक्षा नियमों का पालन करें और सोशल मीडिया के लिए अपनी या दूसरों की जान खतरे में न डालें.
यह भी पढ़ें- OBC छात्रों को अभी नहीं मिलेगा क्रीमी लेयर वाले फैसले का फायदा, जानें क्या है देरी की वजह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं