उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बीएसपी सुप्रीमो मायावती अपने फैसलों की वजह से सुर्खियों में रहती हैं. हाल के दिनों में उन्होंने कई बार ऐसे फैसले लिए जो राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा की वजह बने. अब उन्होंने फिर से बड़ा फैसला लिया. मायावती ने पूरे देश में पार्टी सदस्यों को काम सौंपते हुए पार्टी तीन हिस्सों में बांट दिया है. इसमें से एक हिस्से के लिए अतर सिंह यादव को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो मायावती के खास लोगों में गिने जाते हैं. मायावती ने शनिवार को सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए संगठन में बदलाव की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पार्टी संगठन को तैयार करने और सर्वसमाज में जनाधार बढ़ाने के लिए ये फैसला लिया गया है.
तीन सेक्टर में बंटा BSP संगठन
- मायावती द्वारा जारी किए गए बयान के मुताबिक, सेक्टर नंबर-1 में 10 राज्य आते हैं. इसकी जिम्मेदारी राज्यसभा सांसद रामजी गौतम और सुरेश राव को दी गई है. दोनों केंद्रीय सेक्टर प्रभारी के तौर पर काम देखेंगे.
- सेक्टर नंबर-2 में 9 राज्य आते हैं. इसकी कमान पूर्व राज्यसभा सांसद राजाराम और पूर्व विधायक अतर सिंह राव को सौंपी गई है.
- सेक्टर नंबर-3 में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को शामिल किया गया है. इन दोनों राज्यों को लखनऊ के 9 मॉल एवेन्यू स्थित केंद्रीय कैंप कार्यालय से सीधे देखा जाएगा.

अतर सिंह राव कौन हैं?
अतर सिंह राव बीएसपी के पुराने और कैडर आधारित संगठन से जुड़े नेताओं में गिने जाते हैं. अतर सिंह बीएसपी की तरफ यूपी विधान परिषद में सचेतक रह चुके हैं. अतर सिंह राव पश्चिमी यूपी में बीएसपी के कई अहम पदों पर काम कर चुके हैं. वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी और यूपी बीएसी के उपाध्यक्ष के तौर पर भी काम कर चुके हैं.
ये भी पढ़ें: 'तब मैं अविवाहित थी...', मायावती ने बताया क्यों लिया था भाई का सहारा
बाढ़ पीड़ितों की मदद का निर्देश
मायावती ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान से जनता मुश्किल दौर से गुजर रही है. ऐसे में सभी राज्य सरकारों को प्रभावित लोगों की हर स्तर पर मदद करनी चाहिए. वहीं, महाराष्ट्र में सूखे की मार झेल रहे किसानों को सिर्फ औपचारिक नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर राहत दी जाए.
उन्होंने चारों केंद्रीय प्रभारियों से अपील की है कि जहां-जहां भारी बारिश से जान-माल का नुकसान हुआ है, वहां पार्टी कार्यकर्ता अपनी सामर्थ्य के हिसाब से मदद करें. हालांकि, इसके लिए अलग से फंड इकट्ठा न किया जाए, जिससे कोई नाजायज फायदा न उठा सके.
मायावती ने कहा कि जरूरत पड़ने पर ज्यादा प्रभावित राज्यों में वह राष्ट्रीय प्रभारी ईशान आनंद को भेज सकती हैं. सेक्टर-3 यानी यूपी और उत्तराखंड पर उनकी खुद पैनी नजर है और वे खुद भी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर सकती हैं. उन्होंने केंद्र सरकार से भी प्रभावित राज्यों की समय पर पूरी मदद करने का अनुरोध किया.
ये भी पढ़ें: मायावती ने भतीजे ईशान आनंद को बनाया BSP का राष्ट्रीय संयोजक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं