- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के महावन में एक परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध सामूहिक आत्महत्या की घटना हुई है.
- परिवार के मुखिया मनीष ने पत्नी को मूसल से मारा, बच्चों का गला रस्सी से दबाया और खुद करंट से मौत की कोशिश की.
- घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट, वीडियो और अन्य साक्ष्यों से यह मामला आत्महत्या की संभावना जताई जा रही है.
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के महावन में खप्परपुर गांव में मंगलवार सुबह दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के 5 सदस्य मृत पाए गए. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. बताया जा रहा है कि परिवार ने सोमवार रात दूध में जहर मिलाकर पिया था. सुबह देर तक दरवाज़ा न खुलने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने का दावा कर रही है और परिजनों से पूछताछ जारी है.
पत्नी को मूसल से मारा, फिर बच्चों का रस्सी से गला दबाया
सूत्रों के अनुसार, परिवार के मुखिया मनीष ने पहले पत्नी को मूसल से मारा, फिर बच्चों का रस्सी से गला दबाया और अंत में खुद बिजली के तार से करंट लगाकर जान दे दी. मौत के सटीक कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगा.
मनीष का भाई जब सुबह बच्चों को खेलने के लिए आवाज देता रहा और कोई बाहर नहीं आया, तो वह दीवार फांदकर घर में घुसा. दरवाजा तोड़ते ही परिवार के सभी सदस्य कमरे में मृत पड़े मिले. उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
यह भी पढ़ें- दीवार पर सुसाइड नोट,वीडियो भी बनाया; मथुरा में एक ही परिवार के पांच लोगों की आत्महत्या से सनसनी
अब तक इस मामले में क्या खुलासा हुआ?
घटनास्थल से मिले एक डायरी पेज पर लिखे कथित सुसाइड नोट, दीवार पर लिखावट और मनीष के मोबाइल में रिकॉर्ड हुआ वीडियो, चारों स्रोत बताते हैं कि यह मामला कथित सामूहिक आत्महत्या का हो सकता है. नोट में मनीष ने लिखा है कि वह और उसकी पत्नी अपनी इच्छा से जान दे रहे हैं और किसी को जिम्मेदार न ठहराया जाए. साथ ही यह भी लिखा कि उन पर कोई कर्ज नहीं है और कोई उनसे पैसे न मांगे.
निजी परेशानी से जूझ रहा था मनीष
अधिकारियों ने बताया कि वीडियो में मनीष ने इस कदम को अपनी मर्जी बताने के साथ यह भी कहा कि उसने हाल ही में 12 लाख रुपये में एक प्लॉट बेचा था. महावन की सर्किल ऑफिसर श्वेता वर्मा ने बताया कि मनीष किसी निजी परेशानी से जूझ रहा था, जिसे वह किसी से साझा नहीं कर पा रहा था.
खुशी से रहता था परिवार
जैसे ही घटना की जानकारी फैली, गांव में भारी भीड़ जुट गई. परिवार के रिश्तेदारों ने बताया कि दंपति का विवाह 2018 में हुआ था और किसी तरह का विवाद नहीं था. अभी तक परिजनों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. पुलिस ने मोबाइल फोन, वीडियो और मौके से मिले सभी साक्ष्यों को फॉरेंसिक जांच में भेज दिया है.
तांत्रिक के संपर्क में था परिवार
मृतक के एक दोस्त के अनुसार, कुछ समय पहले तक परिवार में सब कुछ सामान्य था, लेकिन करीब दो साल पहले मनीष एक तांत्रिक के संपर्क में आ गया और तंत्र-मंत्र पर अत्यधिक विश्वास करने लगा. आशंका जताई जा रही है कि इसी अंधविश्वास ने इस खौफनाक कदम की भूमिका तैयार की.
सीएम योगी ने जताया दुख
ज़िलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और समाज के लिए चिंता का विषय बताया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक जताया है और परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं. मंगलवार शाम परिजनों ने सभी पांचों का अंतिम संस्कार कर दिया.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं