मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुरादाबाद दौरे से ठीक पहले पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करती नजर आई. एक तरफ सेवानिवृत्त दारोगा के बेटे पर गोली चलाने वाले 25 हजार के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया, वहीं कटघर थाना पुलिस ने भैंस चोरी के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को भी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के मुताबिक, 16 और 17 जून की रात कटघर थाना क्षेत्र के ग्राम गोट स्थित एक डेयरी से दो पशु चोरी कर ली गई थीं. इस मामले में थाना कटघर में मुकदमा दर्ज किया गया था. घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी. दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था.
जवाबी कार्रवाई रफी के पैर में लगी गोली
रविवार को मुखबिर की सूचना पर कटघर पुलिस ने लाल द्वार मंदिर के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की. इसी दौरान मोटरसाइकिल से आ रहे रफी और यशवीर यादव को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस का कहना है कि दोनों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में रफी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. उसका साथी यशवीर यादव अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
भैस को बेचकर आपस में बांट ली थी रकम
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर डेयरी से दो भैंसें चोरी की थीं. चोरी की गई पशुओं को एक मीट फैक्ट्री में करीब एक लाख 44 हजार रुपये में बेच दिया गया था और रकम आपस में बांट ली गई थी. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, भैंस बेचने से मिले उसके हिस्से के 14 हजार 550 रुपये, दो रस्सियां और दो छींके बरामद किए हैं.
फरार आरोपी की तलाश दबिश दे रहे पुलिस
एसपी सिटी मुरादाबाद रणविजय सिंह ने बताया कि आरोपी रफी के खिलाफ चोरी, गैंगस्टर, अवैध हथियार और अन्य गंभीर मामलों समेत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं. फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
गाजीपुर: पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी मुख्तार गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से हुआ घायल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं