- लखनऊ में बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर टकराने से 17 वर्षीय छात्र नैतिक कुमार की मौत हो गई
- नैतिक की बाइक जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर पांच के पास स्कूटी से टकराई और फिर एक अन्य वाहन से भी भिड़ गई
- हेलमेट पहनने के बावजूद सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी स्थिति नाजुक हो गई और डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
12th Class Student death Lucknow Case: लखनऊ के गोमती नगर विस्तार इलाके में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर टकराने से 17 वर्षीय छात्र की जान चली गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए. नैतिक कुमार (17) रविवार सुबह अपनी बुलेट बाइक से जनेश्वर मिश्र पार्क की तरफ घूमने निकला था. नैतिक कक्षा 12 का छात्र था और उसके पिता, राम इकबाल, बिजली विभाग में इंजीनियर हैं.
घटना पार्क के गेट नंबर-5 के पास हुई. प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, नैतिक की बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रही एक स्कूटी से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह एक अन्य वाहन से भी भिड़ गई.
लखनऊ: सड़क हादसे का खौफनाक वीडियो आया सामने, एक युवक की मौत@vikasbha | #Lucknow pic.twitter.com/VKB5DY9YWh
— NDTV India (@ndtvindia) March 16, 2026
सिर में चोट लगने से तोड़ा दम
टक्कर के बाद नैतिक बाइक समेत डिवाइडर से जा टकराया. हेलमेट के बावजूद या सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसकी हालत नाजुक हो गई. हादसे में दो अन्य लोग, आदित्य श्रीवास्तव और कृष्ण सिंह, भी घायल हुए हैं. नैतिक कुमार को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया. आदित्य और कृष्ण को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है.
परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार
इस हादसे के बाद नैतिक के परिवार में मातम पसरा है. परिजनों ने छात्र के शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया और कानूनी औपचारिकताओं के बाद शव को लेकर अपने पैतृक गांव बाराबंकी रवाना हो गए. गोमती नगर के SHO सुधीर अवस्थी ने बताया, "घटना की असली वजह जानने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी."
हालांकि प्राथमिक जानकारी में इसे अनियंत्रित बाइक का हादसा माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए यह स्पष्ट करने की कोशिश कर रही है कि क्या दुर्घटना के पीछे तेज रफ्तार या स्टंटबाजी जैसा कोई कारण था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं