विज्ञापन

हादसा या सुसाइड? लखनऊ में होटल की 10वीं मंजिल से गिरी युवती की मौत, साथी युवक बाइक से हुआ फरार

लखनऊ के न्यू हजरतगंज के होटल सेलेस्टियल में समरीन (24) की 10वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई. वह सुबह अवनीश नाम के युवक के साथ आई थी. घटना के बाद युवक बाइक से फरार हो गया.

हादसा या सुसाइड? लखनऊ में होटल की 10वीं मंजिल से गिरी युवती की मौत, साथी युवक बाइक से हुआ फरार
न्यू हजरतगंज में होटल से गिरकर युवती की मौत. (Photo: NDTV)
  • लखनऊ में होटल की दसवीं मंजिल से गिरकर युवती की मौत हो गई.
  • युवती एक युवक के साथ होटल आई थी. घटना के बाद साथी युवक अपने दोस्त के साथ बाइक से फरार हो गया.
  • पुलिस घटना की जांच कर रही है. अभी तक यह नहीं पता चला है कि यह हादसा है या आत्महत्या.
लखनऊ:

राजधानी लखनऊ के न्यू हजरतगंज स्थित ओमैक्स के होटल सेलेस्टियल में सोमवार शाम समरीन (24) की संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरने से मौत हो गई. समरीन होटल की 10वीं मंजिल पर स्थित रूम नंबर 1037 में ठहरी थी. वह सोमवार सुबह एक युवक के साथ होटल आई थी. घटना के बाद युवक के होटल से निकलने और दूसरे शख्स के साथ बाइक से फरार होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस युवक और समरीन के बीच संबंधों सहि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 6:34 बजे होटल के सिक्योरिटी इंचार्ज ने बताया कि होटल के कमरे में ठहरी एक युवती नीचे गिर गई है. मृतका की पहचान समरीन (पुत्री मोहम्मद तज्जू) के रूप में हुई है, जो लखनऊ की ही रहने वाली है. 

जानकारी के मुताबिक, समरीन सोमवार सुबह करीब 11:46 बजे अवनीश (पुत्र संतलाल जायसवाल, निवासी फिरोजपुर खुर्द, नगर पंचायत दोस्तपुर, सुल्तानपुर) के साथ होटल के कमरे में आई थी. शाम को हुई घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू हुई.

बाइक से भागा अवनीश...

ADCP साउथ रालापल्ली वसंथ के मुताबिक, घटना के बाद अवनीश लिफ्ट से नीचे आया और बेसमेंट से एक अन्य शख्स के साथ बाइक पर बैठकर चला गया. पुलिस उसके अचानक होटल से निकलने और समरीन से उसके संबंधों की जानकारी जुटा रही है.

घटना के बाद अवनीश कहां गया और उसके साथ बाइक पर मौजूद दूसरा व्यक्ति कौन था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवती के नीचे गिरने से पहले कमरे में क्या हुआ था और घटना के वक्त वहां कौन-कौन मौजूद था.

यह भी पढ़ें | इधर आराधना मिश्रा ने संभाला काम और उधर बवाल, चल गए जूते; अजय राय को हाथ जोड़कर मनाते रहे प्रमोद तिवारी- VIDEO

होटल में काम करती थी समरीन...

समरीन के परिजनों की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, समरीन एक होटल में काम करती थी. सोमवार को भी वह रोज की तरह ड्यूटी के लिए निकली थी. परिवार में मां सफिया, चार बहनें और दो भाई हैं. फिलहाल, परिवार की तरफ से किसी पर आरोप लगाए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है.

पुलिस समरीन की दिनचर्या, उसके परिचितों और घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है. यह भी जांच की जा रही है कि वह होटल में किस मकसद से गई थी और वहां क्या परिस्थितियां बनीं.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया. टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कर सबूत इकट्ठा किए. इसके बाद समरीन के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया. पुलिस के मुताबिक, मौके पर कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं है. तहरीर मिलने के बाद आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें | लखनऊ में 6.5 लाख रुपये में 1 BHK फ्लैट, LDA की अनंत नगर योजना में रजिस्ट्रेशन शुरू, ऐसे करें अप्लाई

हादसा, आत्महत्या या कोई और वजह? 

समरीन किन परिस्थितियों में होटल की 10वीं मंजिल से नीचे गिरी, खबर छपने तक इसकी जानकारी सामने नहीं आई है. घटना के बाद अवनीश के होटल से निकलने और दूसरे शख्स के साथ बाइक से जाने के दावे के मद्देनजर पुलिस उससे जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है.

फिलहाल, पुलिस ने घटना को लेकर किसी नतीजे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए सबूतों और जांच में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें | लखनऊ कांग्रेस दफ्तर में क्यों मचा जूतम-पैजार? ममता चौधरी कौन, जिसपर भड़के अजय राय; हंगामे पर क्या कहा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttar Pradesh, Lucknow, Omax Group, Hazratganj Area, Death
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com