विज्ञापन
This Article is From Mar 04, 2017

रेप के आरोपी यूपी के मंत्री गायत्री प्रजापति के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी, कई शहरों में छापे

रेप के आरोपी यूपी के मंत्री गायत्री प्रजापति के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी, कई शहरों में छापे
  • गायत्री प्रजापति का पासपोर्ट जब्त किया गया
  • उनकी तलाश में लखनऊ, कानपुर और अमेठी में छापे मारे गए
  • पीएम मोदी ने फिर कहा- गुनहगार को बचा रहे हैं अखिलेश
लखनऊ / जौनपुर: बलात्कार के आरोपी उत्तर प्रदेश के मंत्री गायत्री प्रजापति का पासपोर्ट जब्त कर लिया गया है और उनके खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी किया गया है. यूपी के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) दलजीत चौधरी ने बताया कि प्रजापति की तलाश में लखनऊ, कानपुर और अमेठी में छापे मारे गए हैं. साथ ही उन्हें पकड़ने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को भी लगाया गया है. दलजीत चौधरी ने बताया कि पासपोर्ट को रद्द करने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस विदेश मंत्रालय से संपर्क करेगी. चौधरी ने बताया कि प्रजापति और छह अन्य के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया है. इन सभी पर एक महिला से गैंगरेप और उसकी नाबालिग बेटी के साथ बलात्कार के प्रयास का मुकदमा दर्ज है.

उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर प्रजापति को लेकर यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. पीएम मोदी ने जौनपुर में एक चुनावी रैली में कहा कि हमारे देश में अच्छा काम करने पर गायत्री मंत्र पढ़ने का रिवाज है, लेकिन सपा-कांग्रेस गठबंधन 'गायत्री प्रजापति मंत्र' का जाप कर रहा है. मुख्यमंत्री बलात्कार के आरोपी गायत्री प्रजापति के लिए चुनाव सभा में वोट मांगते हैं. प्रजापति वहां मौजूद रहते हैं और अब वह पुलिस को ढूंढे नहीं मिल रहे हैं. एक बेटी इंसाफ मांग रही है और मुख्यमंत्री जी गुनहगार की रक्षा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में किसी की भैंस खो जाए तो सरकार दौड़ पड़ती है, लेकिन एक बेटी न्याय के लिए तरस रही है और आपकी पुलिस और मुख्यमंत्री सोए हुए हैं.

वहीं, गायत्री प्रजापति के देश छोड़कर भागने के अंदेशे के चलते देशभर के हवाई अड्डों को अलर्ट पर रखा गया है. नेपाल से लगने वाली यूपी सीमा की सुरक्षा करने वाले सशस्त्र सीमा बल को भी अलर्ट किया गया है.

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को जब अखिलेश यादव से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य के इस आरोप के बारे में सवाल किया गया कि प्रजापति को मुख्यमंत्री आवास में छिपाया गया है तो मुख्यमंत्री ने कहा था, 'सब कैमरा लेकर मेरे साथ चलें और देख लें.' गायत्री प्रजापति को मुख्यमंत्री आवास में छिपाए जाने के भाजपा के आरोप से साफ इनकार करते हुए अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा था कि प्रजापति का मामला सुप्रीम कोर्ट में है और सरकार अदालत के आदेश का पूरा पालन करेगी.
(इनपुट एजेंसियों से)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
गायत्री प्रजापति, Gayatri Prajapati, लुक आउट नोटिस, Look Out Notice, अखिलेश यादव, Akhilesh Yadav, गायत्री प्रजापति रेप केस, Gayatri Prajapati Rape Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com