Kanpur Hindi News Live: कानपुर काफी चर्चाओं में रहता है. यहां राजनीतिक गतिविधियां भी होती रहती हैं. अपराधियों के खिलाफ भी पुलिस की कार्रवाई जारी रहती है. इसी वजह से आप अब कानपुर जिले से जुड़ी हर खबरों को एक ही जगह पर पढ़ सकते हैं. कानपुर के शुक्लागंज में रविवार की रात हर्ष फायरिंग के दौरान एक युवक के पेट में गोली लग गई, घटना के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया. मौसम की बात करें तो कानपुर में आज और कल बारिश की संभावना है. इसके अलावा यहां जानिए कानपुर से जुड़ा हर तरह का अपडेट...
ई-रजिस्ट्री के विरोध में अधिवक्ताओं ने की नारेबाजी, कहा- प्रभावित होंगे हजारों लोग
ई-रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में बिल्हौर के अधिवक्ताओं ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की और इसे हजारों लोगों की रोजी-रोटी पर खतरा बताया. बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि ऑनलाइन पंजीकरण नियमावली-2024 से अधिवक्ता, दस्तावेज लेखक, स्टाम्प विक्रेता, मुंशी और अन्य जुड़े लोगों की आजीविका प्रभावित होगी. उनका कहना है कि पूरी तरह ऑनलाइन व्यवस्था ग्रामीणों, किसानों और अशिक्षित लोगों के लिए व्यावहारिक नहीं है और इससे बिचौलियों का दखल बढ़ेगा, जिससे आम लोगों का आर्थिक शोषण होने का खतरा भी बढ़ सकता है.

पीएम सूर्यघर योजना: कानपुर के 37 हजार से अधिक घर हुए सौर ऊर्जा से रोशन
कानपुर में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सौर ऊर्जा को लेकर तेजी से काम हुआ है और इसका असर अब साफ दिखाई देने लगा है. जिले में अब तक 37,844 घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं, जिससे 132.09 मेगावाट सौर क्षमता विकसित हुई है और हजारों परिवारों का बिजली खर्च भी घटा है. यह उपलब्धि कानपुर को प्रदेश में दूसरे स्थान पर ले गई है. वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 10,249 नए संयंत्र स्थापित हो चुके हैं, जबकि वर्ष भर के लिए 42,684 संयंत्रों का लक्ष्य तय किया गया है, जो योजना की रफ्तार को दर्शाता है.
स्ट्रीट लाइट को लेकर जनता का फूटा गुस्सा, मार्ग प्रकाश कार्यालय में दिया धरना
कानपुर में स्ट्रीट लाइट की समस्या को लेकर जनता का गुस्सा फूट पड़ा और वार्ड 85 की खराब हालात के विरोध में पार्षद अमनदीप सिंह गंभीर स्थानीय लोगों के साथ नगर निगम के जोनल-6 मार्ग प्रकाश कार्यालय में धरने पर बैठ गए. उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड में करीब 770 स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हैं, जिससे पूरे इलाके में अंधेरा छाया रहता है और लोग परेशान हैं. अधिकारियों पर लापरवाही और टालमटोल के आरोप लगाते हुए पार्षद ने जमकर नारेबाजी की, जिसके बाद नगर निगम में हड़कंप मच गया और अधिकारी मौके पर पहुंचकर उन्हें मनाने की कोशिश करने लगे.

कानपुर में रॉटविलर कुत्तों ने महिला को 13 जगहों पर नोंचा, हालत गंभीर
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र की फ्रेंड्स कॉलोनी में रविवार शाम तीन रॉटविलर कुत्तों ने एक 55 वर्षीय महिला पर हमला कर दिया. जानकारी के अनुसार, ये कुत्ते एक कांग्रेसी नेता के भाई के बताए जा रहे हैं. इस हमले में महिला के शरीर पर 13 गहरे घाव आए हैं, जिसे डॉक्टरों ने बेहद गंभीर, यानी ग्रेड-3, डॉग बाइट की श्रेणी में रखा है. पीड़िता को प्राथमिक उपचार के बाद हैलट हॉस्पिटल के लिए रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है.
कानपुर में घाटमपुर ओवरब्रिज का स्लैब टूटा, चार साल पहले 46 करोड़ की लागत से हुआ था निर्माण
कानपुर से हमीरपुर को जोड़ने वाले सागर हाइवे में घाटमपुर स्थित ओवरब्रिज की छत का स्लैब टूट गया है, इसके साथ कई जगह दरार आ गई हैं. दरार ओवरब्रिज की छत व बीम में आई हैं. अभी भी ओवर ब्रिज के ऊपर से भारी वाहन गुजर रहे हैं. कानपुर-सागर हाईवे पर क्षमता से 10 गुना ज्यादा वाहनों का दबाव रहता है. इस ओवरब्रिज का निर्माण पीएनसी के द्वारा लगभग चार साल पहले 46 करोड़ के बजट से कराया गया था.
Kanpur Crime News: अखिलेश यादव की बेटी के एडिटेड फोटो वायरल करने वाला एमपी से गिरफ्तार
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पुत्री (Akhilesh Yadav Daughter) की एडिटेड फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मध्य प्रदेश रीवा निवासी नागेश्वर सिंह बघेल को साइबर थाने और क्राइम ब्रांच की पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इस व्यक्ति को गिरफ्तार कर कानपुर लाया गया है. गिरफ्तार आरोपी ने फोटो वायरल करने की बात भी कबूल कर ली है. आरोपी ने 9 जून को फेसबुक पर 3-4 फोटो वायरल की थीं.
Desi Bomb Attacker Arrested: देशी बम से हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
Kanpur News: कानपुर की कल्याणपुर और रावतपुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए देशी बम से हमले के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बाइक को लेकर विवाद में 20 जून को कल्याणपुर क्षेत्र में युवक पर जानलेवा हमला करने के लिए देशी बम फेंका गया था. घटना में मकान की दीवार क्षतिग्रस्त हुई थी और लोग बाल-बाल बचे थे. गिरफ्तार आरोपियों के नाम शिवा यादव और पारस ठाकुर है.
मौके से जले हुए बम के अवशेष, लोहे की कीलें, टेप और अन्य सामग्री बरामद हुई है. फरार आरोपी शान तिवारी की तलाश में पुलिस जुटी है.
Police Arrest for Attack Girl: छात्रा पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने वाला सिरफिरा दिलशाद गिरफ्तार
कानपुर में कोचिंग जा रही छात्रा पर ज्वलनशील पदार्थ फेंकने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. कल्याणपुर और रावतपुर थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपी की पहचान मो. दिलशाद के रूप में हुई है. डीसीपी पश्चिम कासिम आबिदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे सनसनीखेज मामले का खुलासा किया. आरोपी की करतूत सीसीटवी में भी कैद हो गई. आरोपी मो. दिलशाद का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत जेल की हवा खा चुका है.
Kanpur Harsh Firing: हर्ष फायरिंग में चली गोली युवक के पेट में लगी गोली, दो गिरफ्तार
शुक्लागंज निवासी अजय सविता शादी समारोह में वेटर का काम करता है. अजय ने बताया कि रविवार को वह शुक्लागंज में अपने दोस्त सुमित दीक्षित के साथ शराब पी रहा था. इस दौरान उनका दूसरा साथी विजय कश्यप पहुंचा, जिसने एक शादी समारोह में चलने की बात की. इसके बाद वह तीनों समारोह में शामिल होने वृंदा नगर स्थित सरोज मैरिज लॉन पहुंचे. जहां विजय कश्यप ने मैरिज लॉन के बाहर देशी तमंचा निकाल कर फायरिंग करने का प्रयास किया. इस दौरान गोली उनके पेट में लग गई.
घटना के बाद विजय और सुमित उन्हें लेकर बाइक से उर्सला अस्पताल इलाज के लिए पहुंचे, जहां मौजूद डॉक्टर ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने सुमित और विजय को हिरासत में लिया है. एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने बताया कि घटना शुक्लागंज की है. फिलहाल अस्पताल आते वक्त आरोपित ने पनचक्की चौराहा के पास तमंचा छिपाया था. मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर तमंचा बरामद कर लिया गया है.