- पैच वर्क के दौरान पानी को सुखाने के लिए 10 पंखे लगाए गए
- एजेंसी का दावा है कि इससे मरम्मत कार्य तेजी से पूरा किया जा सकेगा
- अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर करते हुए कसा तंज
उन्नाव: कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सियासी रंग ले चुका है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्सप्रेसवे की मरम्मत का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. अखिलेश ने सवाल उठाया कि जिस सड़क का उद्घाटन कुछ ही दिन पहले हुआ, उसे इतनी जल्दी मरम्मत की जरूरत क्यों पड़ गई. इतना ही नहीं, मरम्मत के दौरान सड़क को सुखाने के लिए लगाए गए पंखों को लेकर भी उन्होंने सरकार और निर्माण एजेंसी पर निशाना साधा.
उन्नाव में कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 64 पर हाल ही में धंसे हिस्से की मरम्मत का कार्य लगातार जारी है. मरम्मत के दौरान किए जा रहे पैचवर्क को जल्दी सुखाने के लिए करीब 10 बड़े पंखे लगाए गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
लखनऊ–कानपुर एक्सप्रेस वे पर पेच वर्क के पास भरे बरसाती पानी को सुखाने के लिए 10 पंखे लगाए गए#LucknowKanpurExpressway pic.twitter.com/5OX3sKxQ3w
— NDTV India (@ndtvindia) August 6, 2026
अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर करते हुए कसा तंज
इसी वीडियो को साझा करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए लिखा कि उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद सड़क को मरम्मत की जरूरत पड़ गई. उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और एक्सप्रेसवे की मजबूती पर सवाल उठाते हुए सरकार की कार्यशैली की भी आलोचना की. अब यह मामला केवल निर्माण गुणवत्ता तक सीमित नहीं रह गया है, मरम्मत कार्य पूरा कराने में निर्माण एजेंसी जुटी हुई है.

22 दिन में खुली निर्माण की पोल
बता दें, लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 64 के पास सड़क धंस गई थी. उद्घाटन के महज 22 दिन बाद ही सड़क धंसने के बाद एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे. एनएचएआई (NHAI) अब इसपर मरम्मत का कार्य करवा रही है. पैच वर्क के दौरान नमी और बरसाती पानी के कारण काम प्रभावित न हो, इसके लिए निर्माण एजेंसी ने मौके पर 10 बड़े औद्योगिक पंखे लगाए हैं। एजेंसी का दावा है कि इससे मरम्मत कार्य तेजी से पूरा किया जा सकेगा और सड़क को जल्द यातायात के लिए पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाएगा.
यह भी पढ़ें- लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर फिर उठे सवाल, उन्नाव में बारिश के बाद टूटी सड़क
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं