विज्ञापन

IPS अविनाश पांडेय के खिलाफ पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने खोला मोर्चा, थप्पड़ वाले VIDEO पर खटखटाया NHRC का दरवाजा

IPS अविनाश पांडेय मेरठ SSP का प्रदर्शनकारियों को थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल होने के बाद पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने NHRC में शिकायत दर्ज कराई है. जानिए क्या है ललिता गौतम हत्याकांड से जुड़ा यह पूरा मामला.

IPS अविनाश पांडेय के खिलाफ पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने खोला मोर्चा, थप्पड़ वाले VIDEO पर खटखटाया NHRC का दरवाजा
IPS avinash pandey slap video Meerut ssp ex ips amitabh thakur approaches nhrc
  • मेरठ SSP अविनाश पांडेय ने 8 जुलाई 2026 को प्रदर्शन के दौरान पुलिस वाहन में मौजूद अधिवक्ता से कथित मारपीट की।
  • पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने इस घटना को मानवाधिकार उल्लंघन बताते हुए आयोग में शिकायत दर्ज कराई है।
  • अमिताभ ठाकुर ने मारपीट की पूरी समयरेखा और संबंधित इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य सुरक्षित कराने की मांग की

IPS Avinash Pandey: उत्तर प्रदेश के मेरठ में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय थप्पड़ मारने का वीडियो वायरल होने के बाद से चर्चा में हैं. अब इस मामले में आईपीएस अविनाश पांडेय की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, क्योंकि आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने उनके खिलाफ मोर्चा खोलते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग का दरवाजा खटखटाया है.

NDTV से बातचीत में पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने बताया कि 8 जुलाई 2026 को मेरठ कलेक्ट्रेट पर ललिता गौतम हत्याकांड के विरोध-प्रदर्शन के दौरान एसएसपी मेरठ अविनाश पांडेय द्वारा पुलिस वाहन में मौजूद अधिवक्ता रवि गौतम सहित अन्य नागरिकों से कथित मारपीट और बल प्रयोग का मामला सामने आया है. इस पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई है.

पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने NHRC को भेजी शिकायत में कहा है कि पुलिस वाहन में मौजूद अधिवक्ता रवि गौतम प्रथम दृष्टया पुलिस के प्रभावी नियंत्रण में थे. ऐसी स्थिति में जिले के सर्वोच्च पुलिस अधिकारी द्वारा उनके साथ कथित मारपीट करना गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन, संभावित हिरासत हिंसा और पुलिस शक्तियों के दुरुपयोग का मामला है. 

अमिताभ ठाकुर ने संबंधित वीडियो एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को तत्काल सुरक्षित कराने और रवि गौतम की हिरासत की पूरी समयरेखा व अभिलेख तलब करने की मांग की है. उन्होंने यह भी मांग की है कि रवि गौतम द्वारा कथित मारपीट का विरोध करने और आंदोलन की घोषणा के बाद पुलिस द्वारा उन्हें अपने साथ ले जाने की परिस्थितियों की जांच की जाए, ताकि यह तय हो सके कि कहीं उनके विरुद्ध कोई प्रतिशोधत्मक पुलिस कार्रवाई तो नहीं की गई है.

कौन हैं पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर?

अमिताभ ठाकुर उत्तर प्रदेश कैडर के 1992 बैच के IPS अधिकारी रह चुके हैं और लगभग पांच साल पहले सेवानिवृत्त हुए हैं. वर्तमान में वह सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहे हैं और 'आज़ाद अधिकार सेना' के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. उनका जन्म 16 जून 1968 को बिहार के मुजफ्फरपुर में हुआ था और वर्तमान में वह यूपी के लखनऊ में रहते हैं. 

IPS avinash pandey

IPS avinash pandey slap video Meerut ssp ex ips amitabh thakur approaches nhrc

झारखंड के बोकारो स्टील सिटी से शुरुआती शिक्षा प्राप्त करने वाले अमिताभ ठाकुर ने साल 1983 में केंद्रीय विद्यालय (नंबर-एक) से 10वीं और साल 1985 में 12वीं की परीक्षा पास की. साल 1989 में उन्होंने IIT कानपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में B.Tech की डिग्री ली और उसके बाद संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी में जुट गए थे. 

कौन हैं IPS अविनाश पांडेय?

भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अविनाश पांडेय का जन्म 3 फरवरी 1988 को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में हुआ था. उनके पिता का नाम श्रवण कुमार पांडेय है. उन्होंने विज्ञान में स्नातक (B.Sc.) की डिग्री हासिल की है. अविनाश पांडेय उत्तर प्रदेश कैडर के 2015 बैच के IPS अधिकारी हैं. अविनाश पांडेय मेरठ एसएसपी से पहले पीलीभीत व मऊ में एसपी रह चुके हैं. पुल‍िस सेवा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते अव‍िनाश पांडे को दो बार महान‍िदेशक प्रशंसा च‍िन्‍ह से सम्‍मान‍ित क‍िया जा चुका है.

मेरठ का ललिता गौतम हत्याकांड क्या है?

मेरठ में 15 मई 2026 को परीक्षा देने निकली BA की छात्रा ललिता गौतम का शव 17 मई को रोहटा पुलिस थाना क्षेत्र के एक गन्ने के खेत में मिला था. हालांकि पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन परिजन और दलित समाज के लोग आरोपी के पूरे परिवार और अन्य सह-आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े हुए हैं.

ललिता गौतम हत्याकांड को लेकर जारी जनाक्रोश के बीच 8 जुलाई को मेरठ कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया गया. इस दौरान मेरठ SSP अविनाश पांडेय के थप्पड़ मारने वाले कई वीडियो वायरल हुए, जिनमें वे प्रदर्शनकारियों को फटकारते, खदेड़ते और थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं. एक वीडियो में IPS अविनाश पांडेय पुलिस वाहन में चढ़कर उसमें बैठे एक प्रदर्शनकारी को पीटते दिखते हैं.

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मेरठ पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस की गाड़ी में बैठा रखा था. इसी दौरान SSP अविनाश पांडेय वहां पहुंचते हैं और गाड़ी में चढ़ते ही प्रदर्शनकारियों पर थप्पड़ बरसाने शुरू कर देते हैं. इसके बाद वे गाड़ी का दरवाजा बंद करके प्रदर्शनकारियों को पीटते हैं. इसके अलावा वे प्रदर्शनकारियों के बीच जाकर भी थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं.  

यह भी पढ़ें-  IPS अंशिका वर्मा के जज्बे को पति आईपीएस केके बिश्नोई का सैल्यूट, लिखा-जितना ज़्यादा पसीना बहाएंगे...  

यह भी पढ़ें-  IPS अविनाश पांडेय का थप्पड़ बरसाने वाला VIDEO वायरल, मेरठ में प्रदर्शन के पीछे बड़ी साजिश का खुलासा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IPS Avinash Pandey, Viral Video, Uttar Pradesh, Meerut
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com