विज्ञापन
This Article is From Oct 04, 2017

राहुल गांधी ने कहा, 'मोदी जी आपसे सरकार नहीं चल रही है तो हमें दे दीजिए'

राहुल गांधी करीब छह महीने बाद अमेठी पहुंचे, जहां उन्होंने मोदी सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया.

राहुल गांधी ने कहा, 'मोदी जी आपसे सरकार नहीं चल रही है तो हमें दे दीजिए'
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार युवाओं को रोजगार देने में नाकाम रही है
अमेठी: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को अमेठी में केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला. राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उनसे सरकार नहीं चल पा रही तो कांग्रेस को दे दें, हम चला लेंगे और 6 महीने में सारे वादे भी पूरे कर लेंगे. राहुल गांधी करीब छह महीने बाद अमेठी पहुंचे, जहां उन्होंने मोदी सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया. कांग्रेस उपाध्यक्ष ने दौरे के पहले दिन जगदीशपुर के कठौरा गांव में चौपाल लगाई. राहुल ने कहा, 'दो मुद्दे हैं हिंदुस्तान में- किसान और रोजगार का मसला. इनका समाधान सरकार को करना चाहिए. मोदी जी (इनका समाधान) नहीं कर सकते तो कह दें कि वह नहीं कर सकते. कहें कांग्रेस पार्टी आ जाए और वो मेरा काम कर दे तो हम वो काम छह महीने के अंदर करके दिखा देंगे.'

यह भी पढ़ें : मोदी जी किसी की नहीं सुनते, जो मन में आता है देश पर थोप देते हैं: राहुल गांधी

उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देना सबसे अहम मुद्दा है लेकिन प्रधानमंत्री मोदी रोजगार नहीं दे पाए. राहुल ने कहा कि मोदी ने खुद अमेठी में कहा कि दो करोड़ युवाओं को हर साल रोजगार देंगे. हिन्दुस्तान में हर रोज 30 हजार युवा रोजगार ढूंढने निकलते हैं लेकिन इनमें से केवल 450 लोगों को ही रोजगार मिलता है. भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लोग पहले इसका जवाब दें. उन्होंने कहा कि हमारा मुकाबला चीन के साथ है. चीन और भारत की आबादी में ज्यादा फर्क नहीं है और दोनों ही बड़े देश हैं. चीन में हर रोज 50 हजार नए युवाओं को रोजगार मिलते हैं, लेकिन हिन्दुस्तान में रोज केवल 450 युवा रोजगार पाते हैं. उन्होंने कहा कि चीन से मुकाबले की आवश्यकता है. मोबाइल फोन हो, वस्त्र हों या चप्पल, सब पर ‘मेड इन चाइना’ लिखा होता है.

VIDEO : पीएम मोदी ने किसानों की कमर तोड़ दी: राहुल
राहुल गांधी ने कहा, जब तक हम मेड इन इंडिया, मेड इन अमेठी और मेड इन उत्तर प्रदेश नहीं करेंगे, तब तक ये देश आगे नहीं जा सकता और मोदी जी को देश का समय जाया (बर्बाद) करना बंद करना चाहिए और युवाओं को रोजगार देना शुरू करना चाहिए. (इनपुट एजेंसी से)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com