विज्ञापन

हरदोई में मूसलाधार बारिश से तालाब बनीं सड़कें, घुटनों तक भरा पानी, स्कूली बच्चे हो रहे परेशान

Heavy rain in Hardoi: उत्तर प्रदेश के हरदोई में भारी बारिश के बाद सड़कें तालाब में तब्दील हो गई है. ग्रामीण इलाकों में पानी भर जाने की वजह से बच्चों को स्कूल जाने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

हरदोई में भारी बारिश
  • हरदोई में लगातार बारिश के कारण शहरी और ग्रामीण इलाकों में जलभराव हो गया है.
  • ग्रामीण इलाकों में जलभराव के कारण सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं और जनजीवन प्रभावित हुआ है.
  • बच्चों को स्कूल जाने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. आलम यह है कि घुटनों तक पानी भरा हुआ है.
हरदोई:

उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर जारी है, जिससे गंगा-यमुना समेत कई छोटी-छोटी नदियां उफान पर चल रही हैं. हरदोई में भी बारिश के बाद हालात खराब नजर आ रहे हैं. जिले के ग्रामीण इलाकों में भी जलभराव हो गया है, जबकि शहर के कई हिस्सों में जलभराव की वजह से बाढ़ जैसे हालात नजर आ रहे हैं. भारी बारिश की वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण अंचलों तक की सड़कें इस समय तालाब में तब्दील हो चुकी हैं, शहर के प्रमुख चौराहों से लेकर तंग गलियों तक में घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे स्थानीय जनजीवन ठप नजर आ रहा है. बच्चों को पानी में से होकर स्कूल तक जाना पड़ रहा है. 

पानी में से निकल रहे स्कूली बच्चे

हरदोई के ग्रामीण इलाको में स्थिति सबसे ज्यादा बिगड़ रही है. मल्लावां ब्लॉक के शाहपुर पवार बाजार से शिरसैया जाने वाले मार्ग पर जलभराव और कीचड़ के कारण स्कूली बच्चों को हर दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, यहां घुटनों तक पानी भरा हुआ है, जिसकी वजह से कई बार स्कूल जाते समय गिर भी जाते हैं. सांडी के लमकन गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क भी पूरी तरह जलमग्न है.जिससे मरीजों को अस्पताल ले जाना तक दूभर हो गया है.

ये वीडियो भी देखिए

हरदोई शहर में भी जलभराव 

हरदोई शहर में भी जलभराव की स्थिति दिख रही है. स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका के खिलाफ जनता में भारी आक्रोश है. नागरिकों का कहना है कि हर साल जलभराव की यही स्थिति बनती है, लेकिन नालों की सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जाती है. यदि जल्द ही पानी की निकासी नहीं की गई,  तो प्रभावित इलाकों में संक्रामक बीमारियों का खतरा तेजी से फैल सकता है.

यूपी में भारी बारिश 

बता दें कि यूपी के 23 जिलों में भारी बारिश की वजह से बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है. गंगा नदी उफान पर होने से बनारस और प्रयागराज जैसे शहरों में जलभराव है, जबकि कई घाट डूबे हुए नजर आ रहे हैं. मौसम विभाग ने यहां अगले कुछ घंटों में और बारिश की संभावना जताई है. 

ये भी पढे़ंः वाराणसी में सड़कों पर चल रही नाव, घरों में भरा पानी, स्कूल नहीं जा पा रहे बच्चे, Video में देखिए हालात

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Heavy Rain Alert, UP Heavy Rain, Hardoi News, UP Rain Alert, UP Rain Alert Today
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com