विज्ञापन

ग्रेटर नोएडा: दहेज प्रताड़ना से परेशान दो बहनों ने सीएम योगी से लगाई गुहार, पूछा- क्या हमें जीने का अधिकार नहीं

ग्रेटर नोएडा में दहेज प्रताड़ना से परेशान दो सगी बहनों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बहनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस से सुरक्षा व न्याय की गुहार लगाई है. उन्होंने अपनी जान को खतरा बताया है.

ग्रेटर नोएडा: दहेज प्रताड़ना से परेशान दो बहनों ने सीएम योगी से लगाई गुहार, पूछा- क्या हमें जीने का अधिकार नहीं

Greater Noida Dowry Harassment Case: ग्रेटर नोएडा से एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने दहेज उत्पीड़न के गंभीर मुद्दे को फिर से सुर्खियों में ला दिया है. दो सगी बहनों ने सोशल मीडिया पर रोते हुए वीडियो जारी कर अपने ही ससुराल वालों पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं. दोनों ने अपनी जान को खतरा बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस से मदद की गुहार लगाई है.

वीडियो वायरल कर लगाई मदद की गुहार

दादरी थाना क्षेत्र के चिटहेड़ा गांव में रहने वाली दो सगी बहनों ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में दोनों बहनें हाथ जोड़कर अपनी आपबीती बता रही हैं और जनप्रतिनिधियों, पुलिस और मुख्यमंत्री से न्याय की अपील कर रही हैं. उनका कहना है कि वे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित की जा रही हैं और अब उन्हें अपनी जान का डर सताने लगा है.

दहेज के लिए प्रताड़ना के आरोप

जानकारी के मुताबिक, दोनों बहनें सोनम बैसला और मोनिका बैसला हैं, जिनकी शादी करीब तीन साल पहले चिटहेड़ा गांव में दो सगे भाइयों से हुई थी. वीडियो में दोनों ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनसे दहेज की मांग की जा रही है. जब उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया गया और उनके साथ बुरा व्यवहार किया गया.

जान से मारने की आशंका जताई

वीडियो में बहनों ने कहा कि उनके ससुराल वाले कभी भी उनकी जान ले सकते हैं. एक बहन ने यह भी दावा किया कि उसकी हत्या करने की कोशिश की गई थी, लेकिन दूसरी बहन ने उसे बचा लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि घर में लगे सीसीटीवी के सबूत मिटाने के लिए सेटअप बॉक्स भी हटा दिया गया, ताकि सच्चाई सामने न आ सके.

पुलिस और समाज से लगाई गुहार

दोनों बहनों ने समाज और पुलिस से अपील करते हुए कहा कि उनकी बात सुनी जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए. वीडियो में वे बार-बार हाथ जोड़कर न्याय की मांग कर रही हैं. उन्होंने साफ कहा कि अगर उनके साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी ससुराल पक्ष की होगी.

पुलिस ने दिया यह बयान

इस मामले में दादरी की एसीपी प्रशाली गंगवार ने बताया कि दोनों महिलाएं चिटहेड़ा गांव की रहने वाली हैं और उनकी शादी करीब तीन साल पहले एक ही परिवार में हुई थी. उन्होंने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते दोनों के पति अलग रह रहे हैं. पुलिस के अनुसार, पहले भी झगड़े की शिकायत पर केस दर्ज किया जा चुका है और आगे लगाए गए आरोपों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com