विज्ञापन
6 minutes ago

By-Poll Election Results 2026 LIVE Updates: पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी की पांच विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के रिजल्ट आज जारी होंगे. इन सभी सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान हुआ था. आज सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो गई है. इस उपचुनाव के नतीजों में सबसे ज्यादा नजर पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट पर टिकी होगी. नंदीग्राम सालों तक ममता बनर्जी का गढ़ कहलाती थी. इसके अलावा तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम और पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे भी आज घोषित होंगे. वहीं असम के नगांव लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज घोषित होंगे.  इन पांचों विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर वोटों की गिनती की तैयारी पूरी कर ली गई है. काउटिंग सेटर पर तीन लेयर में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था है.

बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी की 5 विधानसभा और असम की एक लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के वोटों की गिनती से जुड़े पल-पल के अपडेट जानें NDTV के इस लाइव ब्लॉग पर. 

Bypoll Election Results 2026 LIVE Updates:
  

Bypoll Election Results 2026 LIVE Updates: नंदीग्राम के नतीजों पर सबकी नजर, ममता कांग्रेस के भरोसे

6 सीटों पर हो रहे उपचुनाव में सबसे ज्यादा नजर बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों पर है. नंदीग्राम में TMC प्रत्याशी ने नामांकन वापस ले लिया था. इसके बाद ममता बनर्जी ने जिस कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन दिया, वह गिरफ्तार हो गए थे. हालांकि, उन्हें चुनाव के लिए जमानत मिल गई. यहां BJP और कांग्रेस के बीच मुकाबला है.
 

Nagaon ByPoll Election Result LIVE: बदरुद्दीन अजमल बोले- UDF के चेहरे पर होगी मुस्कान

असम में नगांव उपचुनाव पर AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने कहा कि नतीजों के दिन अजमल और UDF के चेहरे पर मुस्कान होगी, जबकि बाकी लोग रोएंगे. हालांकि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन पर उन्होंने अपना समर्थन जताया. अजमल ने कहा कि न्यायपालिका में ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए. ज्ञानेश कुमार को जल्द से जल्द इस्तीफा देना चाहिए.

Bypoll Election Results 2026 LIVE Updates: डीएम की मौजूदगी में खोला गया स्ट्रांग रूम का ताला

तमिलनाडु के मदुरंतकम उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू होने पर जिला कलेक्टर, रिटर्निंग ऑफिसर और चुनाव पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में EVM वाले सीलबंद कमरे का ताला तोड़कर उसे खोला गया.
 

ByPoll Vote Counting LIVE: उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू

बंगाल, तमिलनाडु और पुडुचेरी की पांच विधानसभा और असम की एक लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती शुरू हो गई है. सुबह 8 बजते ही वोटों की गिनती शुरू हुई. पहले पोस्टल बैलेट की गिनती हो रही है. इसके बाद EVM की गिनती शुरू होगी. कुछ देर बाद शुरुआती रुझाने आने लगेंगे.
 

Tamil Nadu ByPoll Vote Counting LIVE: तमिलनाडु में विजय सरकार की पहली परीक्षा

तमिलनाडु के मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा उपचुनावों के लिए वोटों की गिनती तीन-स्तरीय सुरक्षा घेरे में शुरू होगी. मई में TVK के सत्ता में आने के बाद हो रहे इन अहम उपचुनावों को पार्टी की लोकप्रियता की परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है, वहीं विपक्षी पार्टी AIADMK को उम्मीद है कि वह अप्रैल के विधानसभा चुनावों में TVK से हारी हुई सीटें वापस हासिल कर लेगी.

वोटों की गिनती धारापुरम (तिरुपुर ज़िला) के LRG गवर्नमेंट आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज और मदुरांतकम के लिए आथुर (चेंगलपट्टू ज़िला) के इंटीग्रेटेड सोशल डेवलपमेंट ट्रेनिंग सेंटर में होगी. जहां सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं.

Dharapuram Madurantakam Result LIVE: थट्टनचावडी उपचुनाव की मोतीलाल नेहरू कॉलेज में हो रही काउंटिंग

पुडुचेरी के थट्टनचावडी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती आज सुबह 8 बजे लॉस्पेट के मोतीलाल नेहरू गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज में शुरू होगी. जहां भारी पुलिस सुरक्षा तैनात की गई है और पूरी सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है. इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वहां भारी सुरक्षा बल की तैनाती नजर आ रही है. 

Nagaon ByPoll Election Result LIVE: क्या अजमल संसद में वापसी कर पाएंगे?

असम में नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए वोटों की गिनती आज सुबह 8 बजे शुरू हो रही है. मतदान 6 अक्टूबर को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ था और मतदान प्रतिशत लगभग 76% रहा. चुनावी मैदान में 15 उम्मीदवार हैं. कांग्रेस सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने यहां 2019 और 2024 में जीत दर्ज की थी. लेकिन उन्होंने मार्च में इस्तीफा दे दिया था. बाद में उन्होंने बीजेपी के टिकट पर दिसपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और अप्रैल 2026 के असम चुनाव में जीत हासिल की, जिससे नंगांव सीट खाली हो गई.

इस चुनावी मैदान में एक बड़े नेता AIUDF प्रमुख मौलाना बदरुद्दीन अजमल भी हैं, जो खुद लोकसभा में वापसी की कोशिश में उतरे हैं. नगांव मुस्लिम बहुल सीट है. जानकारों का मानना ​​है कि यहां कांग्रेस और AIUDF के बीच माइनॉरिटी वोटों का बंटवारा हो सकता है और यही नतीजे तय कर सकता है.

नगांव में BJP के पास हिंदू और आदिवासी वोटों का मज़बूत आधार है और पार्टी ने 1999 से 2014 के बीच यहाँ जीत हासिल की थी. यह नतीजा इस बात का भी पहला टेस्ट होगा कि बोरदोलोई के BJP में शामिल होने का नगांव के वोटरों पर क्या असर पड़ा है.

इनपुट- रत्नदीप चौधरी

Nagaon ByPoll Election Result LIVE: असम के नगांव में त्रिकोणीय मुकाबला

असम के नगांव लोकसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है. यहां अजमल, बीजेपी और कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई है. नगांव में 76% मतदान हुआ था. यह एक मुस्लिम बहुल सीट है. नगांव में हिंदू और आदिवासी वोटों पर बीजेपी की मजबूत पकड़ है. लेकिन देखना होगा कि क्या मुस्लिम वोट अजमल और कांग्रेस के बीच बंटेंगे?

मालूम हो कि कांग्रेस के प्रद्युत बोरदोलोई ने 2024 में नागांव सीट जीती थी. कांग्रेस सांसद के बीजेपी में शामिल होने के बाद उपचुनाव हो रहा है. बीजेपी ने पूर्व आईएएस अधिकारी देबाशीष शर्मा को मैदान में उतारा है. शर्मा नगांव के पूर्व डिप्टी कमिश्नर थे.

जबकि कांग्रेस ने पूर्व विधायक सिबामनी बोरा को मैदान में उतारा है. वहीं AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल भी चुनावी मैदान में हैं. अजमल 2024 में धुबरी से पिछला लोकसभा चुनाव 10 लाख से ज़्यादा वोटों से हार गए थे.
 

Bypoll Election Results 2026 LIVE Updates: नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव का महत्व क्या?

उपचुनावों के लिए वोटों की गिनती शुक्रवार सुबह आठ बजे शुरू होगी. नंदीग्राम और रेजीनगर के इन नतीजों से पश्चिम बंगाल के मौजूदा राजनीतिक रुख का अंदाजा मिलने की संभावना है, जहां भाजपा ने 15 साल तक सत्ता में रही तृणमूल कांग्रेस को हटाकर सरकार बनाई है.

मंगलवार को हुए दोनों उपचुनाव भले ही चार महीने पुरानी भाजपा सरकार पर कोई जनमत संग्रह नहीं हैं लेकिन विपक्ष से सत्ता में आने के बाद पार्टी की चुनावी ताकत का आकलन करने और विपक्षी खेमे की स्थिति पर गौर करने के लिए इन परिणामों पर बारीकी से नजर रखी जाएगी.

दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के करीब 5.24 लाख मतदाताओं में से लगभग 80 प्रतिशत ने मतदान किया, जिसमें नंदीग्राम में 80.89 प्रतिशत और रेजीनगर में 80.08 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. इस दौरान मतदाताओं को डराने-धमकाने, बूथ स्तर पर अनियमितताओं और छिटपुट झड़पों के आरोप लगे.

रेजीनगर में पुलिस के साथ झड़प के बाद आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर को गिरफ्तार कर लिया गया वहीं कांग्रेस ने दोनों विधानसभा क्षेत्रों में पुनर्मतदान की मांग की. आयोग ने मतदान को कमोबेश शांतिपूर्ण बताया. उसके शिकायत निगरानी तंत्र पर 37 शिकायतें मिलीं जबकि राष्ट्रीय शिकायत सेवा पोर्टल पर 60 शिकायतें दर्ज की गईं.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bypoll Election Results, Nandigram Bypoll Result, Rejinagar Bypoll Result, Nagaon Chunav 2026, Election Result Live Update
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com