विज्ञापन

दिल्ली की पॉश सोसायटी में तेज रफ्तार बोलेरो का तांडव; गेट से टकराई गाड़ी, कम्युनिटी डॉग 'छोटी' गंभीर घायल

गंगोत्री एन्क्लेव में तेज रफ्तार बोलेरो के कथित कहर से कम्युनिटी डॉग गंभीर रूप से घायल हो गया. सोसायटी गेट और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा. निवासियों ने पुलिस से FIR दर्ज करने की मांग की है.

दिल्ली की पॉश सोसायटी में तेज रफ्तार बोलेरो का तांडव; गेट से टकराई गाड़ी, कम्युनिटी डॉग 'छोटी' गंभीर घायल
  • दिल्ली की सोसायटी में बेकाबू बोलेरो का कहर, CCTV में कैद हुई घटना
  • गंगोत्री एन्क्लेव में बोलेरो की टक्कर से संपत्ति को नुकसान
  • कम्युनिटी डॉग को चोट, निवासियों ने पुलिस से कार्रवाई मांगी
नई दिल्ली:

दिल्ली के अलकनंदा इलाके स्थित गंगोत्री एन्क्लेव में 24 सितंबर की रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तेज रफ्तार महिंद्रा बोलेरो कथित तौर पर सोसायटी परिसर में अनियंत्रित होकर घुस गई. घटना में सोसायटी का कम्युनिटी डॉग गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि गेट और कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा. निवासियों का आरोप है कि वाहन में सवार लोग नशे की हालत में थे और उन्होंने सुरक्षा कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया. मामले में निवासियों ने पुलिस से एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है.

रात साढ़े नौ बजे हुई घटना

निवासियों द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार 24 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे काले रंग की महिंद्रा बोलेरो (DL3CDD8982) गंगोत्री एन्क्लेव सोसायटी के भीतर तेज गति से दौड़ाई जा रही थी. आरोप है कि वाहन की खिड़कियों पर ब्लैक फिल्म लगी हुई थी और चालक लापरवाही से गाड़ी चला रहा था. इसी दौरान बोलेरो सोसायटी के बंद गेट से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास खड़े कुछ वाहनों को भी नुकसान पहुंचा.

घटना का सीसीटीवी फुटेज

घटना का सीसीटीवी फुटेज

कम्युनिटी डॉग 'छोटी' गंभीर रूप से घायल

घटना के दौरान सोसायटी का कम्युनिटी डॉग "छोटी" भी बोलेरो की चपेट में आ गया. शिकायत के मुताबिक हादसे में छोटी को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे तत्काल ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित मैक्स वेट्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. दस्तावेजों के अनुसार उसकी आंख के समीप फ्रैक्चर पाया गया है. डॉक्टर उसके शरीर में अन्य अंदरूनी चोटों की भी जांच कर रहे हैं. वर्तमान में उसके इलाज का पूरा खर्च सोसायटी के निवासी वहन कर रहे हैं.

सुरक्षा कर्मियों ने पकड़ा

निवासियों का कहना है कि हादसे के तुरंत बाद सुरक्षा गार्डों ने बोलेरो में सवार तीन लोगों को रोक लिया. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उस समय तीनों व्यक्ति शराब अथवा किसी अन्य नशे के प्रभाव में प्रतीत हो रहे थे. सोसायटी के लोगों का यह भी आरोप है कि पकड़े जाने के बाद उन्होंने सुरक्षा कर्मियों और कुछ निवासियों के साथ गाली-गलौज की तथा धमकियां दीं.

दोबारा गेट से टकराने का आरोप

शिकायत के अनुसार, रोके जाने के बाद भी आरोपी वहां से निकलने का प्रयास करने लगे. इसी दौरान बोलेरो एक बार फिर सोसायटी के बंद गेट से टकरा गई. इससे मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी बढ़ गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई. घटना के बाद निवासियों ने तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी.

पुलिस को सौंपे गए तीनों व्यक्ति

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो में सवार तीनों व्यक्तियों को अपने साथ ले गई. गंगोत्री एन्क्लेव के निवासियों ने सीआर पार्क थाना पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर मामले में प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

इन धाराओं में कार्रवाई की मांग

निवासियों ने अपनी शिकायत में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 324, 351/352 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184, 185 और 187 सहित अन्य लागू प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग की है. साथ ही पुलिस से सीसीटीवी फुटेज, फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग, 112 कॉल रिकॉर्ड तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान सुरक्षित रखने का अनुरोध किया गया है.

नुकसान की भरपाई की मांग

सोसायटी के लोगों ने गेट और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान की भरपाई करवाने की भी मांग उठाई है. इसके अलावा घायल कम्युनिटी डॉग छोटी के इलाज पर होने वाले खर्च की वसूली भी आरोपियों से कराने की मांग की गई है. निवासियों का कहना है कि इस घटना ने सोसायटी में रहने वाले बच्चों, बुजुर्गों, सुरक्षा कर्मियों और जानवरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है. उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है.

यह भी पढ़ें : गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर DU छात्र ने ग्रिल लगा रहे मजदूरों को कार से रौंदा, 2 की मौके पर मौत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Speeding Vehicle, Delhi Society, Alaknanda Colony, CCTV Footage, Delhi Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com