विज्ञापन
This Article is From Aug 12, 2017

गोरखपुर हादसा: योगी आदित्यनाथ बोले, ऑक्सीजन की कमी से नहीं हुई किसी बच्चे की मौत

गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में हुई 60 से ज़्यादा बच्चों की मौत की ख़बर पर देशभर में गुस्सा है.

गोरखपुर हादसा: योगी आदित्यनाथ बोले, ऑक्सीजन की कमी से नहीं हुई किसी बच्चे की मौत
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी भी दोषी को बख़्शा नहीं जाएगा...
  • बड़ा सवाल - आखिर बच्चों की मौत किस वजह से हुई
  • योगी ने कहा कि तथ्य को मीडिया सही तरीके से पेश करे
  • बच्चों की मौत के पीछे साफ-सफाई को जिम्मेदार ठहराया
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
लखनऊ: गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में हुई 60 से ज़्यादा बच्चों की मौत की ख़बर पर देशभर में गुस्सा है. यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऑक्सीजन की कमी से बच्चों की मौत की खबरों से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित समिति प्रकरण की जांच करेगी और किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. ऐसे में सवाल उठता है कि बच्चों की मौत ऑक्सीजन की कमी से नहीं हुई तो फिर किस वजह से हुई.

योगी ने कहा कि तथ्य को मीडिया सही तरीके से पेश करे. सीएम योगी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में हादसे से ज्यादा अपने कार्यों पर जोर दिया. उन्होंने अस्पताल के दौरे के अलावा पूरे प्रदेश के स्वास्थ्य इंतजाम पर सफाई दी. मुख्यमंत्री ने आक्सीजन आपूर्तिकर्ता को भुगतान में विलंब के लिए कॉलेज के प्रिसिंपल को दोषी ठहराते हुए कहा कि नौ अगस्त को गोरखपुर प्रवास के दौरान उन्होंने इन्सेफेलाइटिस, डेंगू, चिकुनगुनिया, स्वाइन फ्लू और कालाजार जैसे मुददों पर अधिकारियों से बातचीत की थी और उनसे पूछा था कि उनकी आवश्यकता क्या है और क्या उन्हें किसी तरह की कोई समस्या है लेकिन ऑक्सीजन आपूर्ति से जुड़ा मुद्दा उनके संज्ञान में नहीं लाया गया.

पढ़ें: गोरखपुर अस्पताल में 30 मासूमों की मौत का मामला : दो चिट्ठियां, दो खुलासे...

उधर, उत्तर प्रदेश सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा है कि बच्चों की मौत का कारण केवल ऑक्सीजन की कमी नहीं है. सवाल ये उठ रहा है कि दो दिन पहले ही जिस अस्पताल का दौरा ख़ुद मुख्यमंत्री ने किया था वहां पर ऐसी बदइंतज़ामी का अंदाज़ा सरकार को कैसे नहीं था ? इस पर सरकार का कहना है कि उस वक़्त ऑक्सीजन का मुद्दा किसी ने नहीं उठाया. इस बीच जांच रिपोर्ट आने तक बीआरडी कॉलेज के प्रिंसपल को सस्पेंड कर दिया गया है.

VIDEO : दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई- योगी आदित्यनाथ


इलाहाबाद में एक सभा में भी योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि उनके गृह नगर में बच्चों की मौत गंदगी भरे वातावरण और खुले में शौच के चलते हुई है. आदित्यनाथ ने कहा, "मच्छरों से फैलने वाली कई बीमारियां हैं, जिसमें इनसेफलाइटिस भी शामिल है. आपने बीते कुछ दिनों से बीआरडी मेडिकल कॉलेज पर मीडिया में आ रही खबरें तो सुनी होंगी..इस हादसों में छोटे-छोटे बच्चों की मौत इसलिए हुई, क्योंकि हम स्वच्छतापूर्ण जीवन नहीं जी रहे." आदित्यनाथ ने कहा, "गंदगी की वजह से ही इस देश का बच्चा असमय काल कलवित हो रहा है."

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com