विज्ञापन

गोरखपुर: अपहरण कर मासूम की हत्या, खंडहर से शव बरामद; गोलगप्पा खिलाने का लालच देकर ले गया था किराएदार

पिपरा नई कॉलोनी के रहने वाले विनय सिंह का 5 साल का बेटा अंशुमान सिंह गुरुवार शाम करीब 5 बजे घर के बाहर गोलगप्पा खाने के लिए निकला था. देर शाम तक घर नहीं पहुंचा, जिसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.

गोरखपुर: अपहरण कर मासूम की हत्या, खंडहर से शव बरामद; गोलगप्पा खिलाने का लालच देकर ले गया था किराएदार

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर (Gorakhpur) के सहजनवा कस्बे के वार्ड नंबर-9 पिपरा नई कॉलोनी से लापता पांच वर्षीय मासूम अंशुमान की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई. लापता पांच वर्षीय मासूम का शव शुक्रवार शाम झाड़ियों के बीच स्थित एक खंडहर में मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मासूम का शव बोरे से ढका हुआ मिला. पुलिस ने इस मामले में घर में किराये पर रहने वाले आरोपी कल्पेश को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

सीओ गीडा केएन आनंद ने बताया कि सीसीटीवी के आधार पर पता चला कि किराएदार के साथ बच्चा गया था. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या की वजह पता चल पाएगी.

गोलगप्पा खाने के लिए घर से निकला था मासूम

जानकारी के मुताबिक, अंशुमान सिंह गुरुवार 2 जुलाई को शाम करीब पांच बजे फुल्की खाने के लिए घर से निकला था. बताया जा रहा है उसकी दादी ने उसे फुल्की खाने के लिए रुपये दिए थे. इसके बाद मासूम को फुल्की विक्रेता के पीछे जाते हुए देखा गया था. देर रात तक अंशुमान घर वापस नहीं लौटा, जिसके बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. 

CCTV के जरिए आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए रात में ही अंशुमान की तलाश शुरू की. आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. शुक्रवार दोपहर तक मासूम की लोकेशन का पता नहीं चल सका. इसी बीच पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. शुक्रवार शाम करीब पांच बजे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में आरोपी और मासूम को एक साथ जाते हुए देखा गया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर संभावित रास्ते की पड़ताल शुरू की. तलाश के दौरान पुलिस झाड़ियों के बीच स्थित एक खंडहर तक पहुंची, जहां मासूम का शव पड़ा मिला. शव बोरे से ढका हुआ था. मासूम का शव मिलते ही परिवार में चीख पुकार मच गई.

खंडहर से मासूम का शव बरामद 

सूचना पर एसएसपी डॉक्टर कौस्तुभ,सीओ गीडा केएनआनंद, गीडा थानाध्यक्ष अश्वनी पांडेय और हरपुर बुदहट थानाध्यक्ष प्रशांत पाठक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य और नमूने एकत्र किए. 

आरोपी हिरासत में

मासूम के बाबा जय प्रकाश सिंह ने बताया कि बच्चा गुरुवार देर शाम 5 बजे गायब हो गया था और छानबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.  इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. शुक्रवार को सीसीटीवी फुटेज देखा गया, जिसमें आरोपी बच्चे को ले जाते हुए दिखा. पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया.

सीओ गीडा केएन आनंद ने बताया कि 2 जुलाई को बच्चे के गायब होने की सूचना प्राप्त हुई थी. इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई. सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि मासूम के मकान में कल्पेश किराए पर रहता था और उसी ने बच्चे को अपने साथ ले गया. सीसीटीवी के आधार पर बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ चल रही है.

ये भी पढ़ें: कानपुर में मानूसन की पहली बारिश ने खोली व्यवस्थाओं की पोल: सड़कें-गलियां जलमग्न; जनजीवन प्रभावित

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gorakhpur News, UP News, Uttar Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com