विज्ञापन

योगी राज में बदली संभल की पहचान; गणेश चतुर्थी पर मुस्लिम समाज ने बप्पा को चढ़ाए 2 कुंतल लड्डू, मेला शुरू

संभल के चंदौसी में गणेश चतुर्थी के अवसर पर मुस्लिम समाज ने भगवान गणेश को दो कुंतल लड्डुओं का भोग चढ़ाया. गणेश चौथ मेले में हुई इस पहल ने सांप्रदायिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की.

योगी राज में बदली संभल की पहचान; गणेश चतुर्थी पर मुस्लिम समाज ने बप्पा को चढ़ाए 2 कुंतल लड्डू, मेला शुरू
गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक बना चंदौसी का गणेश उत्सव
NDTV
संभल:

उत्तर प्रदेश के संभल जिले की पहचान अब बदलती नजर आ रही है. कभी विवादों और उपद्रव की घटनाओं के कारण सुर्खियों में रहने वाला यह जिला अब सांप्रदायिक सौहार्द और सामाजिक एकता की मिसाल पेश कर रहा है. गणेश चतुर्थी के अवसर पर चंदौसी में निकली भगवान गजानन की भव्य महा रथ यात्रा में मुस्लिम समाज ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और भगवान गणेश को दो कुंतल लड्डुओं का भोग अर्पित किया. धार्मिक आस्था और भाईचारे के इस संगम ने न केवल स्थानीय लोगों का ध्यान खींचा, बल्कि पूरे क्षेत्र को एक सकारात्मक संदेश भी दिया.

गणेश चतुर्थी पर दिखी गंगा-जमुनी तहजीब

संभल जिले के चंदौसी में आयोजित गणेश चौथ मेले के दौरान एक बार फिर गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली. सोमवार शाम करीब 6 बजे मुस्लिम समाज की ओर से भगवान गणेश को दो कुंतल लड्डुओं का भोग चढ़ाया गया. इस पहल को लोगों ने आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल बताया. स्थानीय लोगों के अनुसार यह परंपरा पिछले कई वर्षों से चली आ रही है और हर साल गणेश चौथ मेले में मुस्लिम समाज भी उत्साह के साथ भाग लेता है.

मेले का शुभारंभ करते हुए मंत्री बीएल वर्मा

मेले का शुभारंभ करते हुए मंत्री

2001 से जारी है गणेश चौथ मेले की परंपरा

चंदौसी का गणेश चौथ मेला वर्ष 2001 से लगातार आयोजित किया जा रहा है. समय के साथ यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विभिन्न समुदायों को जोड़ने वाला सांस्कृतिक उत्सव बन गया है. इस वर्ष मेले का शुभारंभ 12 सितंबर को विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों ने मिलकर किया था. आयोजन समिति का कहना है कि मेले का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता को भी मजबूत करना है.

भगवान गणेश की खास झांकी

भगवान गणेश की खास झांकी

मयूर गणेश की 25 फीट ऊंची झांकी, भगवान गजानन की महा रथ यात्रा

गणेश चतुर्थी के अवसर पर शहर में भगवान गजानन की भव्य महा रथ यात्रा निकाली गई. रथ यात्रा में शामिल झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं. कोलकाता के प्रसिद्ध स्टोन आर्टिस्ट द्वारा तैयार की जा रही भगवान मयूर गणेश की 25 फीट ऊंची झांकी विशेष आकर्षण रही. इसके अलावा स्कूल चलो अभियान पर आधारित झांकी और भगवान हनुमान की झांकी ने भी लोगों का ध्यान खींचा. रथ यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी.

चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का दावा

आयोजकों के अनुसार इस भव्य आयोजन को देखने के लिए चार लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे. शहर के विभिन्न हिस्सों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. रथ यात्रा के दौरान लोग भगवान गणेश के जयकारे लगाते हुए दिखाई दिए. कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया.

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

गणेश चतुर्थी और महा रथ यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी. यात्रा मार्ग पर दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी. इसके अलावा कई जिलों से पुलिस बल बुलाया गया और करीब 500 जवान सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए. ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी पूरे आयोजन की निगरानी की गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके.

यह भी पढ़ें : अब्बास, हसीना, साहिल... मिलिए मुंबई के उस मुस्लिम परिवार से जो 16 साल से कर रहा गणपति की सेवा

यह भी पढ़ें : संभल में दो पुलिस कर्मियों से मारपीट कर आरोपी को छुड़ा ले गया परिवार और ग्रामीण, सिपाही ने भागकर बचाई अपनी जान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sambhal News, Ganesh Utsav, Ganesh Chaturthi, Hindu Muslim Unity, Communal Harmony
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com