विज्ञापन

'विराट कोहली को बुलाने में दिए 5 करोड़, अब हो रही उसी की वसूली': प्रेमानंद महाराज आश्रम को लेकर बड़ा दावा

प्रेमानंद महाराज के आश्रम को लेकर नया विवाद सामने आया है. संतों ने दावा किया है कि विराट कोहली की पहली आश्रम यात्रा के लिए 5 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे और अब उसी रकम की वसूली का खेल चल रहा है. हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. जानिए पूरा मामला.

दुनियाभर में करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र संत प्रेमानंद महाराज के 'हित राधा केली कुंज' आश्रम को लेकर इस वक्त भारी बवाल मचा हुआ है. उनके शिष्य रसिक दुलारी की रहस्यमयी मौत के बाद हर गुजरते दिन नए-नए दावे सामने आ रहे हैं. इस विवाद में सबसे नया और चौंकाने वाला दावा क्रिकेटर विराट कोहली से जुड़ा है. संतों का आरोप है कि एक बिल्डर लॉबी और भू-माफिया सिंडिकेट ने प्रेमानंद महाराज के आश्रम का नाम इस्तेमाल कर पीआर और वसूली का खेल रचा. जिसके तहत पहली बार विराट कोहली को 5 करोड़ रुपये देकर आश्रम लाया गया था. इसी रकम की वसूली के लिए आश्रम में साजिश का खेल रचा जा रहा है.हालांकि, NDTV इस सनसनीखेज आरोप की पुष्टि नहीं करता है.

विराट की एंट्री के पीछे 5 करोड़ का खेल?

दरअसल विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने पहली बार 4 जनवरी 2023 को वृंदावन पहुंचकर प्रेमानंद महाराज के दर्शन किए थे, जिसके बाद वे कई बार महाराज का आशीर्वाद लेने आते रहते हैं.अब इसी पहली मुलाकात को लेकर श्री कृष्णा न्यास संघर्ष समिति के अध्यक्ष दिनेश शर्मा फलाहारी ने एक बेहद सनसनीखेज दावा किया है.

दिनेश शर्मा का आरोप है कि आश्रम के भीतर सक्रिय एक भू-माफिया और बिल्डर लॉबी के गुट ने अपने निजी हितों और पीआर के लिए 5 करोड़ रुपये खर्च करके विराट कोहली को पहली बार आश्रम बुलाया था.

अब यही बिल्डर लॉबी महाराज के नाम पर उस भारी-भरकम रकम को वसूलने के खेल में लगा है.इसी बड़े दावे के बाद  दिनेश शर्मा फलाहारी और महामंडलेश्वर श्री राधा नन्द गिरी ने सीधे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक पत्र भेजा है. इस पत्र में दावा किया गया है कि बिल्डर लॉबी के इस खतरनाक खेल के कारण प्रेमानंद महाराज की जान को बहुत बड़ा खतरा पैदा हो गया है. संतों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि महाराज की सुरक्षा में कोई कोताही न बरती जाए और उन्हें तत्काल प्रभाव से जेड प्लस (Z+) सुरक्षा घेरा मुहैया कराया जाए.

प्रेमानंद महाराज के आश्रम की ओर से शिष्य रसिक दुलारी की मौत पर सामने आया बयान.

प्रेमानंद महाराज के आश्रम की ओर से शिष्य रसिक दुलारी की मौत पर सामने आया बयान.

रसिक दुलारी की मौत और ग्राइंडर कांड

बता दें कि इस बड़े विवाद के केंद्र में आश्रम के शिष्य रसिक दुलारी की रहस्यमयी मौत है. बीती 25 सितंबर को रसिक दुलारी का छत से कूदते हुए सीसीटीवी फुटेज सामने आया था, जिसे पहले आत्महत्या माना गया. लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सबके होश उड़ा दिए. रिपोर्ट के अनुसार, रसिक ने कूदने से ठीक पहले ग्राइंडर मशीन से अपना प्राइवेट पार्ट काट डाला था. इस मामले में पुलिस अब तक 85 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है, लेकिन इस बर्बर कदम के पीछे की असली वजह अब भी एक अनसुलझा राज है.

बेटों के गायब होने के आरोप और रोते बिलखते परिवार

दूसरी तरफ आश्रम पर केवल पैसों के खेल और मौत के ही नहीं, बल्कि युवाओं के गायब होने के भी गंभीर आरोप लग रहे हैं. NDTV संवाददाता मुकेश सिंह सेंगर जब आश्रम पहुंचे तो वहां उन्हें मेरठ के रहने वाले नेत्रपाल मिले. वे अपने बेटे प्रिंस की तस्वीर लेकर आश्रम के बाहर भटक रहे हैं, जो 8 मई 2024 को दर्शन करने आया था और फिर कभी घर नहीं लौटा. वे अपने बेटे का पता लगाने के लिए हर मुमकिन जगह पर कोशिश कर रहे हैं. हालांकि पुलिस ने पहले लापता हुए एक युवक को बरसाना से बरामद कर लिया था, लेकिन ऐसे मामलों ने भक्तों के बीच डर और शक का माहौल पैदा कर दिया है.

दूसरे आश्रम में शिफ्ट हुए महाराज 

इन बेहद गंभीर आरोपों, साजिशों और पुलिस जांच के बीच सुरक्षा कारणों से प्रेमानंद महाराज को 'हित राधा केली कुंज' से किसी दूसरे गुप्त आश्रम में शिफ्ट कर दिया गया है. वृंदावन पहुंचने वाले देश-विदेश के लाखों श्रद्धालु महाराज के नाम पर चल रही इस कथित राजनीति और साजिशों से बेहद आहत हैं. फिलहाल पुलिस की टीमें 5 करोड़ की डील, ग्राइंडर कांड और भू-माफिया के आरोपों की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं.
ये भी पढ़ें: ओडिशा में मगरमच्छ से डेढ़ घंटे तक खूनी जंग, मौत के जबड़े से भाई को जिंदा खींच लाए दो जांबाज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Virat Kohli, Premanand Maharaj, Premanand Maharaj Ashram, Rasik Dulari Sharan Latest Update
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com