- अमेठी जिले में प्रेम विवाह के बाद दहेज उत्पीड़न, मारपीट और गर्भपात कराने का गंभीर मामला सामने आया है
- पीड़िता की शिकायत पर पति सहित सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है
- पीड़िता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद पति ने पांच लाख रुपये लिए और अतिरिक्त पांच लाख रुपये की मांग की
उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में प्रेम विवाह के बाद दहेज उत्पीड़न, मारपीट और गर्भपात कराने का एक गंभीर मामला सामने आया है. यहाँ पीड़िता की शिकायत पर अमेठी पुलिस ने पति सहित सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
दरअसल, पीलीभीत जिले की निवासी युवती की मुलाकात 20 दिसंबर 2024 को दिल्ली में अमेठी कोतवाली क्षेत्र के मोचवा गोसाईगंज निवासी मोहित विश्वकर्मा से हुई थी. दोनों के बीच प्रेम बढ़ा और उन्होंने एक मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया. इसके बाद दोनों पति-पत्नी के रूप में गुरुग्राम में रहने लगे, जहाँ पीड़िता एक मॉल में नौकरी करती थी.
शादी के बाद पांच लाख रुपए लेने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि विवाह के बाद पति ने उससे करीब पांच लाख रुपये लिए. इसके बावजूद पति और उसके परिजनों ने अतिरिक्त पांच लाख रुपये की मांग शुरू कर दी. आरोप है कि 13 मई 2026 की रात दहेज की मांग को लेकर पति और उसके परिवार के सदस्यों ने उस पर दबाव बनाया.
विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी देकर उसे घर से निकाल दिया गया. महिला का यह भी आरोप है कि वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन पति ने धोखे से दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया.
इन पर मुकदमा दर्ज
पीड़िता की तहरीर पर अमेठी कोतवाली पुलिस ने पति मोहित विश्वकर्मा, उसकी मां गुड्डी देवी, मौसी उषा, मामी अमरावती, पिता शीतला प्रसाद, मामा प्रेम तथा भाई रामकुमार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- मनीष पटेल के जेल जाने के बाद रील वाइफ अमृता सिंह की जान पर बन आई! कौन दे रहा धमकी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं