विज्ञापन
This Article is From Feb 01, 2020

फतेहपुर में बंद मकान से मिला एक ही परिवार के 5 सदस्यों का शव, खुदकुशी की आशंका

पुलिस को मौके से जहरीले पदार्थ की खाली पुड़िया भी मिली हैं, इससे लगता है कि सभी की मौत जहर खाने से हुई है.

फतेहपुर में बंद मकान से मिला एक ही परिवार के 5 सदस्यों का शव, खुदकुशी की आशंका
बदबू आने पर पड़ोसियों ने दी थी पुलिस को सूचना. (प्रतीकात्मक फोटो)
नई दिल्ली:

उत्तर प्रदेश में फतेहपुर शहर के शांतिनगर मुहल्ले में बंद पड़े एक मकान से पुलिस ने शनिवार को एक ही परिवार के पांच सदस्यों का शव बरामद किया. आशंका है कि सभी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या की है. नगर पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) कपिल देव मिश्रा ने बताया कि शांतिनगर मुहल्ला के लोगों ने मकान के कई दिन से बंद पड़े होने और उसमें से बदबू आने की शिकायत की थी. पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मकान का दरवाजा तोड़ा. अंदर से परिवार की पांच सदस्यों श्यामा (40), उसकी बेटियों पिंकी (21), प्रियंका (14), वर्षा (13) और ननकी (10) के शव मिले. 

पुलिस को मौके से जहरीले पदार्थ की खाली पुड़िया भी मिली हैं, इससे लगता है कि सभी की मौत जहर खाने से हुई है. मिश्रा ने पड़ोसियों के हवाले से बताया कि रामभरोसा नामक व्यक्ति एक ढाबे में काम करता था और वह नशे का आदी था. चार दिन पूर्व रामभरोसा ने अपनी पत्नी श्यामा और बच्चियों को बुरी तरह पीटा था, जिन्हें पड़ोसियों ने बचाया था. इसके बाद से रामभरोसा घर से लापता हो गया.

मिश्रा ने बताया कि चार दिन से मकान का दरवाजा नहीं खुलने और बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचित किया. पुलिस ने वहां से शवों को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. सभी की मौतों का कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा. पुलिस फिलहाल लापता रामभरोसा की तलाश में जुटी है. 


 

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com